साल 2024 की सबसे लोकप्रिय एक्ट्रेस बनीं तृप्ति डिमरी, इन फिल्मी सितारों को पछाड़ा, बॉयफ्रेंड ने ऐसे दी बधाई

पिछले साल रिलीज हुई ‘एनिमल’ फिल्म ने एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी (29) को खास पहचान दिलाई। छोटे से रोल के बावजूद तृप्ति सबका ध्यान खींचने में सफल रहीं। उन्हें सोशल मीडिया पर नेशनल क्रश कहा जाने लगा। तृप्ति की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ। उन्हें अब दिग्गज फिल्ममेकर्स की ओर से लगातार एक से बढ़कर एक ऑफर मिल रहे हैं। तृप्ति के चाहने वालों के लिए अब एक खुशखबरी है। वह साल 2024 की सबसे लोकप्रिय एक्ट्रेस बन गई हैं।

इंटरनेट मूवी डेटा बेस (IMDB) ने यह खुलासा किया। IMDB की रिपोर्ट के अनुसार तृप्ति को दुनियाभर में 250 मिलियन से ज्यादा दर्शकों से वास्तविक पेज व्यू मिले। इस लिस्ट में दीपिका पादुकोण ने दूसरा स्थान हासिल किया है। शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर तीसरे, शाहरुख खान चौथे, शोभिता धूलिपाला 5वें, शरवरी वाघ 6ठे, ऐश्वर्या राय बच्चन 7वें, सामंथा रुथ प्रभु 8वें, आलिया भट्ट 9वें और प्रभास 10वें स्थान पर हैं।

तृप्ति इस साल ‘बैड न्यूज’ में विक्की कौशल, ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ में राजकुमार राव और ‘भूल भुलैया 3’ में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आईं। तृप्ति ने करिअर की शुरुआत साल 2017 में श्रीदेवी की फिल्म ‘मॉम’ से की थी। उसी साल लीड एक्ट्रेस के रूप में उनकी पहली फिल्म ‘पोस्टर बॉयज’ थी। इसमें सनी देओल, बॉबी देओल और श्रेयस तलपड़े थे।

फिल्म फ्लॉप हो गई। साल 2018 में तृप्ति ने टीवी सीरियल ‘नागिन’ में काम किया। उसी साल वह निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म 'लैला मजनूं' में अविनाश तिवारी के अपोजिट नजर आईं। साल 2020 में उनकी फिल्म ‘बुलबुल’ रिलीज हुई। साल 2022 में उन्हें 'कला' फिल्म मिली, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई। इसके बाद साल 2023 में आई उनकी फिल्म ‘एनिमल’ ने तो इतिहास ही रच दिया।
IMDB की सूची में नं.1 बनने पर बोलीं तृप्ति, बॉयफ्रेंड सैम ने दी यह रिएक्शन

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए तृप्ति ने कहा कि IMDB की 2024 की सबसे लोकप्रिय भारतीय सितारों की सूची में नंबर वन पोजिशन पर आना सच में बहुत बड़ा सम्मान है। मेरे प्रशंसकों के सहयोग से मुझे यह सौभाग्य मिला है। इस साल मैंने कई शानदार फिल्मों में काम किया और 'भूल भुलैया 3' के साथ 2024 को खत्म किया, जो मेरे लिए एक यादगार साल रहा। मैं आगे क्या होता है, इसका इंतजार कर रही हूं क्योंकि मैं इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनी रहूंगी। बता दें हॉरर कॉमेडी मूवी ‘भूल भुलैया 3’ दिवाली के मौके पर 1 नवंबर को रिलीज हुई थी।

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया और शानदार कमाई की। तृप्ति की इस उपलब्धि पर उनके बॉयफ्रेंड बिजनेसमैन सैम मर्चेंट ने भी बधाई दी है। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर तृप्ति की एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, “हमें गर्व महसूस करवा रही हो।” इसके साथ सैम ने इविल आई, क्लिपिंग और सनग्लासेज की इमोजी भी लगाई। हाल ही तृप्ति सैम के साथ बाइक पर घूमती नजर आई थीं।