सब टीवी का फैमिली कॉमेडी ड्रामा ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (TMKOC) 17 साल से लोगों के दिलों पर छाया हुआ है। इसमें कितने ही एक्टर आए-गए लेकिन शो की लोकप्रियता पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इसका कारण है कि लोगों को शो का कॉन्सेप्ट काफी पसंद है जो उनके दिलों को छूता है। हर किरदार उनके लिए घर के सदस्य की जैसे बन गया है। शो पिछले चार हफ्तों से टीआरपी चार्ट में टॉप पर बना हुआ है। हाल ही कई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि शो का सेंट्रल कैरेक्टर ‘जेठालाल’ का रोल प्ले करने वाले एक्टर दिलीप जोशी ने इसे अलविदा कह दिया है। अब शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने इन अफवाहों पर खुलकर बात की है।
असित ने टाइम्स ऑफ इंडिया संग बातचीत में सब कुछ साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि शो को लेकर जब भी कोई खबर आती है, तो वो खूब सुर्खियां बटोरती है। कई बार तो शो के बारे में संवेदनशील या भ्रामक बातें भी लिखी जाती हैं, लेकिन सच कहूं तो मैं इसकी ज्यादा परवाह नहीं करता। अगर मैं हर अफवाह पर जवाब देने लगूं, तो ये कभी खत्म ही नहीं होंगी। हाल ही में दिलीप अपनी निजी व्यस्तताओं के कारण कुछ समय के लिए शो में नजर नहीं आए, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उन्होंने शो छोड़ दिया है।
कहानी का हमेशा एक ही किरदार के इर्द-गिर्द घूमना मुमकिन नहीं होता। लोग कुछ भी मान लेना शुरू कर देते हैं, लेकिन मैं कहानी पर ध्यान केंद्रित रखता हूं और इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देता। हमारे शो की जान उसका हास्य है। इतने सालों बाद भी, उसका सार वही है। ताजा और मजेदार कंटेंट बनाना आसान नहीं है, खासकर जब दर्शक एपिसोड बार-बार देखते हैं और दोहराव को तुरंत पहचान लेते हैं। यही चुनौती है, हम लगातार चीजों को नया और मनोरंजक बनाए रखने के लिए खुद को प्रेरित करते हैं। यह जानते हुए कि दर्शक समझदार हैं और इससे कम की उम्मीद नहीं करते। हर दिन एक नई कहानी, लेकिन ऐसी जो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़े। वे 17 सालों से यह शो देख रहे हैं, और वे मुझ पर भरोसा करते हैं।
असित ने कहा, 8 साल बाद भी लोग दिशा वकानी को याद करते हैं…असित मोदी ने ‘जेठालाल’ की पत्नी ‘दयाबेन’ की वापसी को लेकर भी बात की। बता दें यह रोल एक्ट्रेस दिशा वकानी निभाती थीं। उन्होंने करीब 8 साल पहले शो छोड़ दिया और तब से ही यह कैरेक्टर गायब है। असित ने कहा कि दर्शक लगातार ‘दयाबेन’ के बारे में पूछ रहे हैं कि वो कमबैक कब करेंगी। दिशा जी ने अपनी छाप छोड़ी है। 8 साल बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं। उनका कैरेक्टर आज भी जिंदा है लोगों के दिलों में। दिशा जी का रोल उस कैरेक्टर पर भारी पड़ गया है। उन्हें वापस लाना आसान नहीं है।
इसके लिए सही समय और सही परिस्थितियों की जरूरत है। मैं फिलहाल स्टोरीटेलिंग पर फोकस कर रहा हूं। जब कहानी दमदार होती है तो लोग अपने आप ही प्लॉट से जुड़ जाते हैं। किसी किरदार की अनुपस्थिति उतनी अखरती नहीं है। ये शो हमेशा से ही अपनी स्टोरी को लेकर चलता रहा है। जब तक हम दिलचस्प कंटेंट दे रहे हैं लोग जुड़े हुए हैं चाहे कुछ किरदार मौजूद हों या नहीं।
हम बहुत खुश हैं कि शो डेली सोप्स के बीच में भी नंबर वन पहुंचा। ये आम आदमी की जिंदगी की डेली लाइफ की हल्की-फुल्की सिचुएशन को दर्शाता है जिससे लोग कनेक्ट करते हैं। सालों से दर्शकों के साथ हमारा कनेक्शन मजबूत रहा है। गौरतलब है कि शो में किसी न किसी कारण से कई एक्टर्स बदले जा चुके हैं।