हाल ही ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के प्रोड्यूसर असित मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जो खूब वायरल हुआ। इसमें वे शो में कई सालों तक दयाबेन का किरदार अदा करने वालीं एक्ट्रेस दिशा वकानी से राखी बंधवाते हुए नजर आए थे। दरअसल असित, दिशा के घर गए थे और उनके परिजनों की मौजूदगी में रक्षा बंधन का त्योहार सेलिब्रेट किया। वीडियो में वे सभी नजर आ रहे थे। साथ ही असित और दिशा हंसते-हंसाते दिखे। इसे देख लोग अटकलें लगाने लगे कि शायद दिशा की शो में वापसी हो सकती है। दिशा ने साल 2017 में अपनी पहली प्रेग्नेंसी के चलते शो छोड़ दिया था।
अब इस वीडियो पर शो में लंबे समय तक रोशन भाभी या फिर कहें मिसेज सोढ़ी का रोल प्ले करने वालीं एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने रिएक्ट किया है। कई दफा असित पर गंभीर आरोप लगा चुकीं जेनिफर ने फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में खुलकर बात की। जेनिफर से जब कहा गया कि अभी काफी फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें ‘दयाबेन’ असित को राखी बांध रही हैं तो इसके जवाब में जेनिफर ने कहा कि मैंने लास्ट इंटरव्यू में कहा था कि असित ने दिशा के आगे काफी हाथ-पैर जोड़े। अब उन्हें किसी तरीके से तो जस्टिफाई करना था न।
आज तक 17 साल में तो एक फोटो नहीं आई, जब दिशा ने असित को राखी बांधी हो। इस बार वीडियो करके पूरा डाला गया है। ये इमेज को कैसे क्लियर करेंगे और बोला जा रहा है कि दिशा, असित जी के घर गईं। दिशा, असित जी के घर नहीं गई, बल्कि असित और नीला उनके घर गए थे। दिशा फैंस को तो मना करती नहीं है, तो वह असित जी को क्या मना करेगी। अगर वो बोलेंगे कि मैं आ रहा हूं राखी बंधवाने। ठीक है वो बांधते होंगे बहुत साल से, लेकिन ये अचानक क्यों पब्लिक किया। उसमें दिखा रहा है कि दिशा बहुत अनकंफर्टेबल थी, वो स्माइल तक नहीं कर रही थी। बता दें कि जेनिफर ने असित पर सालों तक यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।
जेनिफर ने कहा, दिलीप जी ने तो असित जी का कॉलर तक पकड़ लिया थाजेनिफर ने इंटरव्यू में शो में जेठालाल का किरदार निभाने वाले एक्टर दिलीप जोशी और असित की लड़ाई से पर्दा उठाया। उन्होंने इस सिलसिले में बात करते हुए कहा कि हॉन्ग कॉन्ग में दोनों की बहुत खराब लड़ाई हुई थी। सरेआम जमकर चिल्ला-चिल्लाकर लड़ाई हुई थी। दिलीप जी ने तो असित जी का कॉलर तक पकड़ लिया था। बहुत गरमा-गरमी हो गई थी। एक बार तो बहुत ज्यादा हो गया था, इतना की सब परेशान हो गए थे कि भाई तुम प्रोड्यूसर हो, बार-बार क्या करते हो? दिलीप जी और असित जी की खूब बहस हुई थी।
बता दें कि पहले भी दोनों की लड़ाई की खबरें सामने आई थीं। इस पर असित ने दावा किया था कि ये बातें पूरी तरह से झूठ हैं और लोग शो की सक्सेस से जल रहे हैं। दूसरी ओर दिलीप ने भी इन अफवाहों का खंडन किया था। अब जेनिफर ने उनकी लड़ाई पर दावा किया है। जेनिफर का ये तक कहना है कि शो में कुछ स्टार्स को दबाया भी जाता है, क्योंकि वे लोग आवाज नहीं उठाते। बता दें TMKOC पिछले 17 सालों से ऑन एयर है और भारतीय टीवी के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले सिटकॉम में से एक है।
हालांकि इसके कई प्रमुख एक्टर शो से बाहर हो गए हैं। इनमें दिशा व जेनिफर के साथ शैलेश लोढ़ा, झील मेहता, भव्य गांधी, राज अनादकत, पलक सिधवानी, गुरचरण सिंह सोढ़ी और नेहा मेहता शामिल हैं। डॉक्टर हाथी और नट्टू काका का रोल करने वाले एक्टर्स का निधन हो चुका है।