एक्टर टाइगर श्राफ की आने वाली फिल्म ‘बागी 4’ को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। वे अपने चहेते हीरो को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेकरार हैं। इस बीच आज सोमवार (18 अगस्त) को फिल्म का पहला गाना ‘गुजारा’ रिलीज हो गया है। इस फिल्म के साथ साल 2021 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वालीं हरनाज संधू बॉलीवुड में एंट्री ले रही हैं। सिंगर जोश बरार और परंपरा टंडन की मधुर आवाज में दिल छू लेने वाला यह गाना रोमांस, समर्पण और मोहब्बत का असली रंग बिखेरता है। हालांकि फैंस ‘बागी 4’ के टीजर में हरनाज की दमदार मौजूदगी देख चुके हैं, लेकिन इस गाने ने उनकी पर्सनैलिटी का बिल्कुल नया रूप दिखाया है।
गाने में टाइगर और हरनाज की मनमोहक केमिस्ट्री को बखूबी दर्शाया गया है। रोमांटिक अंदाज और खूबसूरत लोकेशंस पर फिल्माया गया यह गाना सोशल मीडिया पर रिलीज होते ही ट्रेंड करने लगा है। इसके बोल मशहूर गीतकार कुमार ने लिखे हैं। यह गाना देखने के बाद फैंस का उत्साह और बढ़ गया है। साजिद नाडियाडवाला की नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी और ए. हर्षा द्वारा निर्देशित ‘बागी 4’ में टाइगर और हरनाज के साथ सोनम बाजवा और संजय दत्त की भी अहम भूमिका है। संजय इसमें विलेन के रूप में नजर आएंगे।
यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। डायरेक्टर ए. हर्षा इससे पहले कन्नड़ फिल्मों ‘बजरंगी’ और ‘वेधा’ से अपनी पहचान बना चुके हैं। मेकर्स का दावा है कि यह दर्शकों को विजुअल ट्रीट देने वाली फिल्म होगी। माना जा रहा है कि यह बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाका करेगी। टाइगर के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो लीड एक्टर के रूप में उनकी पिछली फिल्म पिछले साल आई ‘बड़े मियां छोटे मियां’ थी। इसमें वे अक्षय कुमार के साथ थे। हालांकि फिल्म फ्लॉप साबित हुई। टाइगर दिवाली पर रिलीज हुई ‘सिंघम अगेन’ का हिस्सा भी थे, लेकिन इसमें उनका कैमियो था।
‘राख’ में अली फजल के साथ सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर के भी हैं खास रोलएक्टर अली फजल लंबे समय से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान उनके ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज के किरदार 'मुन्ना भैया' के लिए मिली। अब उनकी लेटेस्ट वेब सीरीज की अनाउंसमेंट हो गई है, जिसका टाइटल 'राख' है। इसमें वे एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका में दिखाई देंगे। ‘राख’ एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर है। सीरीज के पहले पोस्टर को आज सोमवार (18 अगस्त) को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है।
मेकर्स ने लिखा, “राख से निकलेगा न्याय, नई ओरिजिनल सीरीज प्राइम वीडियो पर 2026 में आएगी।” अली हैरानी से किसी चीज को निहारते दिख रहे हैं। उनकी आंखों में 'मुन्ना भैया' वाला खौफ कम और हैरानी ज्यादा दिख रही है। बैकग्राउंड में एक पुलिस की पुरानी जीप खड़ी है और साथ में कुछ पुलिसवाले दिखाई दे रहे हैं। वर्दी में अली दमदार नजर आ रहे हैं। इसमें सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर के भी अहम रोल हैं। इस सीरीज को प्रोसित रॉय ने डायरेक्ट किया है।
उन्होंने ही अनुष्का शर्मा की फिल्म 'परी' को डायरेक्ट किया था। बताया जा रहा है कि सीरीज में अपराध और न्याय के बीच की मनोवैज्ञानिक जटिलताओं को दिखाया जाएगा। सीरीज को एंडेमोल शाइन इंडिया और गुलबदन टॉकीज ने प्रोड्यूस किया है। डायलॉग्स आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं। अली का पिछला प्रोजेक्ट अनुराग बसु की फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ थी। इसमें वे एक स्ट्रग्लिंग सिंगर के किरदार में दिखाई दिए थे। उनकी जोड़ी फातिमा सना शेख के साथ बनी थी।