विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' अपने तय रिलीज दिनांक 5 सितंबर 2025 पर कई अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में नहीं पहुँच पाएगी। इसकी मुख्य वजह विदेशी सेंसर बोर्ड की मंजूरी प्रक्रिया में हो रही देरी बताई जा रही है। फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने पुष्टि की है कि मॉरीशस में अभी तक सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिला है, जिसके कारण वहां फिल्म की रिलीज फिलहाल संभव नहीं है।
यूनाइटेड अरब एमिरेट्स (यूएई), सिंगापुर, मलेशिया और हांगकांग में भी फिल्म को सेंसर बोर्ड द्वारा समीक्षा के लिए भेजा गया है। इन देशों में राजनीतिक या सामाजिक रूप से संवेदनशील विषयों पर आधारित फिल्मों को पास कराने के लिए सख्त नियम हैं। हालांकि, अब तक कोई औपचारिक आपत्ति सामने नहीं आई है, लेकिन सर्टिफिकेट में देरी के कारण प्रोड्यूसर्स ने इन क्षेत्रों में फिल्म की रिलीज डेट को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
द बंगाल फाइल्स' का निर्देशन और कहानी विवेक रंजन अग्निहोत्री ने लिखी है, जबकि इसके निर्माता अभिषेक अग्रवाल, पल्लवी जोशी और स्वयं विवेक रंजन अग्निहोत्री हैं। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म तेज नारायण अग्रवाल और आई एम बुद्धा प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी है और विवेक रंजन अग्निहोत्री की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है, जिसमें पहले 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द ताशकंद फाइल्स' शामिल हैं।
फिल्म अब तय अनुसार 5 सितंबर 2025 को भारत में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय रिलीज को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद शेड्यूल किया जाएगा।