The Bads of Bollywood: समीर वानखेड़े के मानहानि मामले में शाहरुख खान की कंपनी और नेटफ्लिक्स को जारी हुआ नोटिस

आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान और गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट, वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के निर्माताओं और अन्य पक्षों के खिलाफ मानहानि याचिका दाखिल की है। इस मामले की सुनवाई 8 अक्टूबर को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई।

नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज को नोटिस


सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट दोनों को नोटिस जारी किया। वानखेड़े का आरोप है कि वेब सीरीज में दिखाए गए कुछ दृश्य उनके और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। नोटिस के जरिए दोनों पक्षों को याचिका पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। अगली सुनवाई इसी महीने के अंत में तय की गई है।

वानखेड़े के वकील का बयान

वानखेड़े के वकील ने कोर्ट को बताया कि रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई वेब सीरीज में प्रसारित सामग्री उनके मुवक्किल और उनके परिवार के लिए मानहानिकारक और दुर्भावनापूर्ण है। इस वजह से उनके सामाजिक और पेशेवर जीवन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
आर्यन खान की डायरेक्शन में डेब्यू

दिलचस्प बात यह है कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने बनाया है और यह उनका डायरेक्शन में डेब्यू प्रोजेक्ट माना जा रहा है।

वानखेड़े की प्रतिक्रिया


शाहरुख और गौरी खान की कंपनी के खिलाफ मुकदमे पर प्रतिक्रिया देते हुए समीर वानखेड़े ने केवल “सत्यमेव जयते” कहा।

मामले की पृष्ठभूमि

2025 में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने वेब सीरीज बनाई थी, जिसमें कथित रूप से समीर वानखेड़े का चरित्र नकारात्मक रूप में दिखाया गया। वानखेड़े ने इसे झूठा, मानहानिकारक और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में सिविल डिफेमेशन सूट दायर किया। उनका कहना है कि इस सामग्री से उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन पर नकारात्मक असर पड़ा है।