देखें-‘तड़प’ फिल्म का पहला गाना, ‘सूर्यवंशी’ के गाने का टीजर और ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ का फर्स्ट लुक

मशहूर एक्टर सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिंग करियर की शुरुआत करने के लिए तैयार है। पिछले दिनों अहान की पहली फिल्म तड़प का ट्रेलर रिलीज किया गया था जिसमे एक जुनूनी लव स्टोरी की झलक देखने को मिली थी। अब इसका पहला गाना तुमसे भी ज्यादा... रिलीज कर दिया गया है। इस रोमांटिक गाने को अहान और तारा सुतारिया पर फिल्माया गया है। गाने को अरिजीत सिंह ने अपनी खूबसूरत आवाज से सजाया है जबकि इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। प्रीतम चक्रवर्ती कंपोजर हैं। सोशल मीडिया पर गाना रिलीज होते ही सुर्खियों में बना हुआ है। इसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

अहान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर गाने की एक छोटी सी क्लिप पोस्ट की है। इसमें एक पल ऐसा भी है जहां उन्हें और तारा को किस करते हुए और एक अच्छा पल बिताते हुए देखा जा सकता है और अगले ही पल कोई उन्हें खींच ले जाता है और बाइक में आग लगा दी जाती है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और सह-निर्मित, साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्मित, रजत अरोड़ा द्वारा लिखित व मिलन लुथरिया द्वारा निर्देशित नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन की तड़प 3 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। तड़प साउथ की फिल्म आरएक्स 100 की हिंदी रीमेक है।


अक्षय ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया टीजर वीडियो

अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' के एक और गाने ना जा... का टीजर रिलीज हो चुका है। साथ ही गाने की रिलीज डेट का भी एलान कर दिया गया है। इस टीजर वीडियो को अक्षय ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इसमें अक्षय और कैटरीना कैफ बाइकों के बीच शानदार डांस स्टेप्स करते नजर आ रहे हैं और अंत में दोनों एक बाइक पर बैठकर स्टंट करते हुए भी दिख रहे हैं। गाने को काफी बड़े मंच और कई बैक डांसरों के साथ फिल्माया गया है। अक्षय ने कैप्शन लिखा, जिस ताल पर आप नाचना बंद नहीं कर पाएंगे, बुधवार को ना जा गाना रिलीज होगा।

इससे पहले फिल्म का एक रोमांटिक सॉन्ग मेरे यारा... रिलीज किया गया था, जिसमें अक्षय और कैटरीना रोमांस करते दिख रहे हैं। अक्षय ने हाल ही फिल्म के प्रमोशन के दौरान का एक फोटो शेयर किया था, जिसमें वो निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ जय-वीरू मूवमेंट एंजॉय करते दिख रहे हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म में अक्षय एक पुलिस ऑफिसर बने हैं। अजय देवगन और रणवीर सिंह कैमियो करेंगे। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


10 दिसंबर को रिलीज होगी चंडीगढ़ करे आशिकी फिल्म

एक्टर आयुष्मान खुराना ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' का पहला लुक फैंस के साथ शेयर किया है। अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान के साथ वाणी कपूर भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 10 दिसंबर को रिलीज की जाएगी। आयुष्मान एक फिटनेस प्रेमी की तरह दिख रहे हैं जबकि वाणी उनकी प्रेमिका होगी। पोस्टर में आयुष्मान और वाणी को लिप लॉक पोजिशन में दिखाया गया है। वे इस दौरान एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का इजहार करते दिख रहे हैं। आयुष्मान ने लिखा “ये आशिकी कुछ अलग है#चंडीगढ़ करे आशिकी, ट्रेलर 8 नवंबर को! 10 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी।”

वाणी ने भी इंस्टाग्राम पर मोशन पोस्टर शेयर किया और लिखा, सास, ड्रामा और आशिकी का सीजन #चंडीगढ़ करे आशिकी, 8 नवंबर को ट्रेलर आउट! 10 दिसंबर के लिए तैयार रहिए। फिल्म पहले 9 जुलाई को रिलीज होने वाली थी। फिल्म की घोषणा पहली बार पिछले साल अक्टूबर में की गई थी। फिल्म एक क्रॉस-फंक्शनल एथलीट और एक ट्रांसजेंडर के बीच एक मॉडर्न समय की प्रेम कहानी दिखाती है।