एक्ट्रेस तापसी पन्नू अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। तापसी का कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल के साथ का विवाद किसी से छुपा नहीं है। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर हुई लड़ाई जगजाहिर है। तापसी ने हाल ही में एबीपी न्यूज को इंटरव्यू दिया। इस दौरान जब तापसी से एक बार फिर से रंगोली के 'सस्ती कॉपी' वाले कमेंट पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि शायद मैं 'सस्ती' हूं क्योंकि मुझे कंगना जितना भुगतान नहीं मिलता।
अगर मुझे इतनी प्रतिभाशाली अभिनेत्री की कॉपी कहा जाता है, तो मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। एक व्यक्ति जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करता है, वह उसकी परवरिश को दर्शाता है और एक व्यक्ति जिस तरह से बोलता है, वह उसके व्यक्तित्व को परिभाषित करता है। मैं किसी भी महिला के बारे में ऐसी बातें कभी नहीं कह सकती, जिसने अपना सफर खुद तय किया हो। उल्लेखनीय है कि साल 2019 में रंगोली ने तापसी को कंगना की 'सस्ती कॉपी' कहा था। तापसी ने फिल्मों में कास्टिंग के फैसलों में और ब्रांड एंडोर्समेंट पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि किसी को केवल उसकी प्रतिभा से आंका जाना चाहिए, न कि उसकी सोशल मीडिया उपस्थिति से।
वह चाहती हैं कि निर्माता सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या के बजाय व्यक्तित्व और प्रतिभा को महत्व दें। तापसी ने पिछले साल डेनमार्क के पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियास बो से शादी की थी। जब तापसी से पूछा गया कि शादी को प्राइवेट क्यों रखा, तो उन्होंने कहा कि ये मेरी पर्सनल इवेंट थी, इसलिए इसे सबके साथ शेयर करने की जरूरत नहीं थी। तापसी ने चुटकी लेते हुए कहा कि मैं अपने हसबैंड से जलन फील करती हूं क्योंकि उनके खेल का डेटा होता है, जबकि हमारा जजमेंट सब्जेक्टिव होता है। बता दें कि तापसी और मैथियास की पहली मुलाकात बैडमिंटन खेलते हुए हुई थी। दोनों 10 साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे को जानते हैं।
फराह खान ने ‘सेलेब्रिटी मास्टरशेफ’ में होली को लेकर की विवादित टिप्पणीफिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान एक बड़े विवाद में फंस गई हैं। फराह के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज करवाई गई है। फराह पर होली को लेकर विवादित कमेंट करने के कारण FIR दर्ज हुई है। शिकायत ‘हिंदुस्तानी भाऊ’ के नाम से मशहूर विकास पाठक ने अपने वकील अली काशिफ खान देशमुख के जरिए दर्ज कराई है। पाठक ने फराह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने होली को लेकर एक अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
वकील ने कहा कि होली एक पवित्र और पारंपरिक त्योहार है, जिसे भारत में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसे में फराह का बयान बेहद असंवेदनशील और अनुचित है। इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल समाज में सांप्रदायिक तनाव बढ़ा सकता है, इसलिए इस पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। फराह के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि 20 फरवरी को टेलीकास्ट हुए शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ के एपिसोड में फराह ने होली को ‘छपरियों का त्योहार’ कहकर संबोधित किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने नाराजगी जताई और उन्हें जमकर ट्रॉल किया गया। फराह ने अभी तक इस विवाद पर कोई रिएक्शन नहीं दी है।