तापसी पन्नू अभिनीत फिल्म ‘अस्सी’ को समीक्षकों की सराहना तो मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह प्रभाव में तब्दील नहीं हो सकी। रिलीज के पांच दिनों बाद भी फिल्म 6 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। गंभीर विषय पर बनी इस फिल्म से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, मगर कमाई के आंकड़े उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पांच दिनों में लगभग 5.9 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। Sacnilk के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पांचवें दिन फिल्म ने करीब 70 लाख रुपये कमाए, जो चौथे दिन के बराबर ही रहे। यानी वीकडेज में फिल्म की कमाई में कोई उछाल देखने को नहीं मिला। ओपनिंग डे पर फिल्म ने 1 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी। इसके बाद शनिवार और रविवार को 1.6-1.6 करोड़ रुपये की कमाई ने थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन सप्ताह की शुरुआत के साथ रफ्तार धीमी पड़ गई। शुरुआती रिपोर्ट में कुल कमाई 5.6 करोड़ रुपये बताई गई थी, जो अब बढ़कर करीब 5.9 करोड़ तक पहुंची है।
गंभीर विषय पर आधारित है कहानी‘अस्सी’ तापसी पन्नू और निर्देशक अनुभव सिन्हा की तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘मुल्क’ (2018) और ‘थप्पड़’ (2020) में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म दिल्ली की एक महिला की कहानी पर आधारित है, जो क्रूर यौन उत्पीड़न की घटना के बाद न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़ती है। फिल्म में सामाजिक व्यवस्था, न्याय प्रणाली और महिलाओं की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ उठाया गया है।
फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा, रेवती, मनोज पाहवा, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे सशक्त कलाकार नजर आए हैं। निर्माण टी-सीरीज़ ने अनुभव सिन्हा की प्रोडक्शन टीम के साथ मिलकर किया है। फिल्म का शीर्षक ‘अस्सी’ दरअसल रोजाना दर्ज होने वाले यौन उत्पीड़न के मामलों की औसत संख्या की ओर इशारा करता है। निर्देशक का मानना है कि यह आंकड़ा वास्तविकता की केवल सतह भर है। एक बातचीत में उन्होंने कहा था कि हर 18 से 20 मिनट में इस तरह की घटना घटती है, और जब तक हम चर्चा खत्म करते हैं, तब तक कहीं न कहीं एक और महिला शोषण का शिकार हो चुकी होती है।
ट्रेलर से बनी थी मजबूत उम्मीदरिलीज से पहले फिल्म का ट्रेलर काफी चर्चा में रहा था। अनुभव सिन्हा सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले ‘आर्टिकल 15’ में उन्होंने सामाजिक भेदभाव पर तीखा प्रहार किया था। ‘अस्सी’ के ट्रेलर को भी दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। तापसी पन्नू के अभिनय की विशेष रूप से सराहना की गई थी।
हालांकि, तारीफों के बावजूद यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल नहीं हो सकी। मजबूत कंटेंट और संवेदनशील विषय होने के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर इसकी पकड़ कमजोर नजर आई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में कोई सुधार होता है या नहीं।