'भारत मेरी मां, पाकिस्तान मेरी मौसी', 'बटवारा 1947' के प्रमोशन के दौरान सनी देओल ने सुनाया धर्मेंद्र का पुराना किस्सा

पटना। अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। आमिर खान प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म इसी महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जिससे इसे लेकर उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। इसी बीच फिल्म के प्रचार के लिए पटना पहुंचे सनी देओल का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे पाकिस्तान से जुड़े सवाल पूछे गए तो उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की कही एक बात साझा कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

धर्मेंद्र की बात का किया जिक्र

प्रमोशनल इवेंट में सनी देओल ने फिल्म की शूटिंग और उसकी पृष्ठभूमि पर बातचीत करते हुए बताया कि 'बटवारा 1947' की शूटिंग पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में ही की गई है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि विभाजन से पहले दोनों देश एक ही भूभाग का हिस्सा थे।

इसी दौरान उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र की कही हुई एक बात याद करते हुए कहा, मेरे पापा कहा करते थे कि भारत मेरी मां है और पाकिस्तान मेरी मौसी। हम चाहे अलग देशों में हों, लेकिन इतिहास और संस्कृति के स्तर पर कहीं न कहीं जुड़े हुए हैं। सनी के इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

राजनीति नहीं, कहानियों पर रखना चाहते हैं ध्यान


मीडिया से बातचीत के दौरान सनी देओल ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी राजनीतिक बहस का हिस्सा नहीं बनना चाहते। उनका कहना था कि एक कलाकार के रूप में उनकी प्राथमिकता केवल अच्छी कहानियां चुनना और उन्हें पर्दे पर ईमानदारी से प्रस्तुत करना है।

उन्होंने कहा कि कलाकारों का काम लोगों तक भावनाओं और कहानियों को पहुंचाना होता है, न कि उन्हें राजनीतिक रंग देना। सनी ने कहा कि वह अपनी फिल्मों के जरिए समाज से जुड़ी संवेदनशील कहानियां दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं और इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
लगभग तीन दशक बाद फिर साथ आए सनी और संतोषी

फिल्म 'बटवारा 1947' का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। खास बात यह है कि सनी देओल और राजकुमार संतोषी करीब 30 वर्षों बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी सुपरहिट फिल्मों में दर्शकों का दिल जीत चुकी है।

आमिर खान प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सनी देओल भावुक भी नजर आए थे और उन्होंने अपने दिवंगत पिता धर्मेंद्र को याद किया था। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को, यानी स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले, देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।