2 News : सुनील शेट्टी की फिल्म ‘केसरी वीर’ अब इस दिन होगी रिलीज, गुरु रंधावा की मूवी ‘शौंकी सरदार’ का टीजर आउट

अभिनेता सुनील शेट्टी ने 90 के दशक में बॉलीवुड में कदम रखा था। वैसे तो सुनील ने हर तरह का रोल निभाया है, लेकिन उनकी इमेज मुख्य रूप से एक्शन हीरो की है। अपनी दमदार बॉडी और फिटनेस के चलते वे 63 साल की उम्र में भी युवाओं को मात देते नजर आते हैं। लोग उनकी फिटनेस की मिसाल देते हैं। इन दिनों सुनील अपनी आगामी फिल्म ‘केसरी वीर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। वे एक पीरियड ड्रामा फिल्म का हिस्सा बनने जा रहे हैं।

इस बीच सुनील की इस फिल्म को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। रिलीज के 4 दिन पहले ही इस फिल्म को पोस्टपोन कर दिया गया है। मेकर्स ने हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई है लेकिन अब ये फिल्म मार्च में रिलीज नहीं हो रही है। मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए ये जानकारी साझा की। फिल्म पहले 14 मार्च को होली के मौके पर रिलीज होने के लिए तैयार थी। मेकर्स ने लिखा, “केसरी वीर को मिल रहे प्यार और सम्मान से हम अभिभूत हैं। फिल्म को दुनियाभर में और बड़े पैमाने पर रिलीज करने के लिए हम इस फिल्म की रिलीज को आगे के लिए शिफ्ट कर रहे हैं। अब ‘केसरी वीर-लीजेंड ऑफ सोमनाथ’ फिल्म 16 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।”

फिल्म में आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के बेटे सूरज पंचोली लीड रोल प्ले कर रहे हैं। साथ ही सुनील, विवेक ओबेरॉय और आकांक्षा शर्मा की भी अहम भूमिका है। उल्लेखनीय है कि 14 मार्च को जॉन इब्राहिम अपनी फिल्म ‘द डिप्लोमेट’ लेकर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इस फिल्म से क्लैश से बचने के लिए ‘केसरी वीर’ को आगे खिसकाया गया है।
‘शौंकी सरदार’ में गुरु के साथ है बब्बू मान, गुग्गू गिल और निमृत कौर की भी अहम भूमिका

मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर गुरु रंधावा की फिल्म 'शौंकी सरदार' का टीजर जारी कर दिया गया है। फिल्म में गुरु पंजाबी सिनेमा के बड़े सितारों जैसे बब्बू मान, गुग्गू गिल और निमृत कौर अहलूवालिया के साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। टीजर में गुरु के एक्शन से सीन को भरपूर दिखाया गया है, जो दर्शकों को काफी रोमांचित करते हैं। यह फिल्म एक मसाला एंटरटेनर होने वाली है, जो दर्शकों को एक्शन, इमोशन और पंजाबी ड्रामा का शानदार मिश्रण दिखाएगी।

फिल्म की कहानी में गुरु का दमदार किरदार और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को लेकर काफी उत्साह है। 'शौंकी सरदार' का डायरेक्शन धीरज केदारनाथ रतन और फिल्म का निर्माण ईशान कपूर, शाह जंडियाली और धर्मेंदर बटौली ने किया है। फिल्म 16 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले गुरु ने सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' में एक म्यूजिक वीडियो रिलीज करने की घोषणा की थी, जिसमें वे कंटेस्टेंट बिदिशा के साथ नजर आएंगे। निर्देशक रतन ने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है।

यह एक सिनेमाई कहानी है जो एक्शन, भावनाओं और सांस्कृतिक गौरव को मिश्रित करती है। तीनों निर्माताओं ने कहा कि हम तीन महान कलाकारों को एक साथ लाने के लिए रोमांचित हैं, जो पंजाबी सिनेमा में पहले कभी नहीं देखा गया है। 'शौंकी सरदार' पंजाब की समृद्ध कहानी और एक्शन से भरपूर विरासत का उत्सव है।