2 News : कपिल से लड़ाई के बारे में ऐसा बोले सुनील, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में इसलिए नहीं दिखेंगी भारती

सुनील ग्रोवर टीवी पर टेलीकास्ट होने वाले 'द कपिल शर्मा शो' में ‘गुत्थी’ और ‘डॉक्टर मशहूर गुलाटी’ का किरदार निभाकर मशहूर हो गए थे, लेकिन उन्होंने कपिल से विवाद के बाद शो छोड़कर सबको हैरान कर दिया था। कपिल और सुनील साल 2017 में ऑस्ट्रेलिया से प्रोग्राम करके जब मुंबई लौट रहे थे, तब फ्लाइट में उनके बीच लड़ाई हो गई थी। इस घटना के बाद सुनील ने कपिल का साथ छोड़ दिया था।

अब दोनों 7 साल बाद एक बार फिर से धूम मचाने के लिए तैयार हैं। वे 30 मार्च से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर आने वाले ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में साथ दिखेंगे। यह शो हर शनिवार को स्ट्रीम होगा। शो के प्रीमियर से पहले मंगलवार (26 मार्च) को सुनील और कपिल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पहुंचे और अपनी विवादित लड़ाई के बारे में बताया। सुनील ने कपिल के साथ लड़ाई का मजाक उड़ाया और कहा कि इसकी सालों पहले योजना बना ली गई थी।

वे बोले, “हम जब फ्लाइट में बैठे, तो पता चला कि नेटफ्लिक्स इंडिया आ रहा है, तो कुछ पब्लिसिटी स्टंट हो। नेटफ्लिक्स इंडिया ने उन्हें बुलाकर पूछा कि क्या किया जा सकता है और तब उन्हें यह आइडिया आया।” इस बीच कपिल ने कहा कि सुनील कई प्रोजेक्ट्स में बिजी थे। वे कई सीरीज और प्रोजेक्ट कर रहे थे, इसलिए हम एक-साथ नहीं आ पाए।

फिर सुनील ने कहा कि मुझे अपना कमबैक 'घर वापसी' जैसा लगता है, क्योंकि मुझे कपिल और उनकी टीम के साथ काम करना अच्छा लगता है। पिछले दिनों सामने आए शो के टीजर से खुलासा हो गया है कि सुनील ‘गुत्थी’ के अवतार में वापसी कर रहे हैं। वे पहले एपिसोड में रणबीर कपूर और उनकी मां नीतू कपूर के साथ मस्ती करते दिखेंगे।
भारती सिंह और कपिल शर्मा के बीच है काफी गहरी बॉन्डिंग

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का प्रोमो हाल ही में सामने आया था। इसमें कपिल के साथ सुनील, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, राजीव ठाकुर और अर्चना पूरन सिंह की झलक देखने को मिली, लेकिन भारती सिंह इस बार शो का हिस्सा नहीं है। इस बीच भारती ने खुद शो का हिस्सा ना होने की वजह का खुलासा किया है। भारती ने हाल ही में ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में शो को लेकर बात की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि अभी मेरा कपिल भाई का शो जॉइन करने का कोई प्लान नहीं है लेकिन अगर कुछ होता है तो मैं जरूर जाऊंगी। फिलहाल मैं अपने प्रोजेक्ट्स, पॉडकास्ट और डांस दीवाने की शूटिंग में बिजी हूं लेकिन अगर मुझे कॉल आता है तो मैं जरूर जाऊंगी। भारती ने कंफर्म किया कि वो अपने बिजी शेड्यूल और काम के चलते इस सीजन का हिस्सा नहीं बन सकीं, लेकिन अगर आगे चलकर उन्हें बुलाया जाता है तो वो शो में जरूर जाएंगी।

बता दें भारती इन दिनों डांस रियलिटी शो की होस्टिंग में बिजी हैं। वह कपिल के शो का लंबे समय तक हिस्सा रही हैं। दोनों के बीच काफी गहरी बॉन्डिंग है। भारती, कपिल को अपना भाई मानती हैं और हर खास मौके पर उनके घर जाती रहती हैं।