2 News : महेश भट्ट के साथ शादी के बाद सोनी राजदान के जीवन पर पड़ा यह असर, ‘पार्टी’ फिल्म का अनुभव किया शेयर

दिग्गज फिल्ममेकर महेश भट्ट की पत्नी और आलिया भट्ट की मां एक्ट्रेस सोनी राजदान (68) हाल ही ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ पैराडाइज’ में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसमें सोनी के साथ ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस सबा आजाद का भी महत्वपूर्ण रोल है। इस बीच सोनी ने न्यूज18 शोशा के साथ बातचीत में अपनी निजी जिंदगी सहित कई मामलों पर खुलकर बात की। सोनी ने कहा कि मैं फिल्म इंडस्ट्री में बड़ी हुई हूं और कई सालों से इसका हिस्सा रही हूं। मैंने इंडस्ट्री को पूरी तरह से बदलते हुए देखा है।

जब मैंने अपने करिअर की शुरुआत की थी, तो मैं अच्छा काम कर रही थी. लेकिन जैसे ही मैंने महेश के साथ शादी की, मुझे काम मिलना ही बंद हो गया। मैं इन चीजों को समझने की कोशिश ही कर रही थीं कि अचानक तभी मुझे रमेश सिप्पी और ज्योति सरूप का सीरियल ‘बुनियाद’ ऑफर हुआ। इस सीरियल ने मेरी किस्मत पलट कर रख दी। इससे पहले मुझे कहीं से फीडबैक मिला था कि अब मैं महेश की पत्नी बन गई हूं, तो मुझे काम करने की क्या जरूरत है? मुझे बहुत गुस्सा आया! लेकिन फिर, सौभाग्य से, ‘बुनियाद’ हुआ और उसके बाद मुझे कुछ बहुत अच्छी फिल्मों में काम करने का मौका मिला।

लेकिन उससे पहले, मैं बहुत परेशान थी। लेकिन आज यह सब बदल चुका है। मुझे गर्व है कि एक्ट्रेसेस अब अपने तरीके से काम कर सकती हैं। आप जीवन को टाल नहीं सकते! हम अपने जीवन को टाल रहे थे क्योंकि हम काम कर रहे थे। कितनी अजीब बात है! अभिनेता, संगीतकार या रचनात्मक कलाकार बनने के लिए, आपको जीवन जीना होता है और यह बहुत महत्वपूर्ण है। आप इसे किसी ऊंचे टॉवर में बैठकर नहीं कर सकते. यह संभव नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री में अब महिलाओं को पहले की तरह समझौते नहीं करने पड़ते।

मैंने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है, लेकिन आज भी ज्यादातर लोग मुझे महेश की पत्नी या आलिया की मां से संबोधित करते हैं। पूरी जिंदगी, अब भी, मैं किसी और की कोई हूं। मैं किसी और के नाम से जानी जाती हूं। मुझे बहुत स्पष्ट और जोर से कहना है कि मेरा संघर्ष अभी भी यह है कि मुझे मेरी पहचान से जाना जाए। मैं अपने आस-पास के लोगों के लिए खुश हूं, जो अपने जीवन में बहुत अच्छा कर रहे हैं। मैं कैसे खुश नहीं हो सकती? मैं आभारी हूं। लेकिन शायद यही मेरी यात्रा का मतलब था। अब मैं इस पर हंसती हूं। यह सब अजीब है लेकिन मैं बस आगे बढ़ती रहती हूं, सोचती हूं कि यह ठीक है।
‘उस समय मैं इंडस्ट्री में नई थीं और शूटिंग मेरे लिए बेहद अलग अनुभव था’

फिल्म के प्रमोशन के दौरान सोनी राजदान ने साल 1984 में रिलीज हुई अपनी कल्ट फिल्म ‘पार्टी का अनुभव भी साझा किया। इस फिल्म का डायरेक्शन गोविंद निहलानी ने किया था। इसमें ओम पुरी, नसीरुद्दीन शाह, रोहिणी हट्टंगड़ी, विजया मेहता, मनोहर सिंह और केके रैना जैसे कलाकार थे। सोनी ने कहा कि उस समय मैं इंडस्ट्री में नई थीं और शूटिंग मेरे लिए बेहद अलग अनुभव था। जब आप किसी फिल्म पर काम कर रहे होते हैं और हर रात पूरी रात शूटिंग करते हैं, तो आपकी सबसे प्यारी यादें पैक-अप करके सोने की होती हैं।

मैं मजाक कर रही हूं, यह बहुत अच्छा अनुभव था। एक कमरे से दूसरे कमरे में कैमरा और एक्टर्स का मूवमेंट उस दौर में बिल्कुल नया था। हालांकि यह अनुभव काफी थकाऊ रहा। शूटिंग के दौरान हमें घंटों खड़े रहना पड़ता था क्योंकि कलाकार डायलॉग्स बोलते समय बार-बार अटक जाते थे। मुझे याद है, पैरों में बहुत दर्द होता था। लेकिन चूंकि मैं नई थी, इसलिए मुझे सीनियर एक्टर्स को देखकर बहुत कुछ सीखने को मिला। बता दें सोनी-सबा की फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ पैराडाइज’ कश्मीर की पहली मशहूर प्लेबैक सिंगर राज बेगम के जीवन पर आधारित है।

इसमें सोनी और सबा दोनों ने राज बेगम का किरदार दो अलग-अलग समयावधियों में निभाया है। फिल्म में जैन खान दुर्रानी, शीबा चड्ढा, तारक रैना और लिलेट दुबे भी अहम भूमिकाओं में हैं। ये तमाम आंधियों के बाद भी सपनों के पलते रहने और कभी भी लक्ष्य से पीछे ना हटने की कहानी है।