एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने पिछले साल एक्टर जहीर इकबाल के साथ करीब 7 साल के लंबे रिलेशनशिप के बाद शादी कर ली। सोनाक्षी शादी से काफी खुश हैं और खुशहाल जीवन बिता रही हैं। वह जहीर के साथ कई दफा देश-विदेश में हनीमून पर जा चुकी हैं। सोनाक्षी सोशल मीडिया पर फैंस के लिए इन हसीन पलों की झलकियां भी शेयर करती रहती हैं। बहरहाल हम बात कर रहे हैं अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ के सीक्वल की जिसमें इस बार सोनाक्षी की जगह एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर नजर आईं। यह फिल्म कुछ समय पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
फिल्म के पहले पार्ट में अजय और सोनाक्षी लीड रोल में थे और यह सुपरहिट रही थी। फैंस ने ‘सन ऑफ सरदार 2’ में सोनाक्षी को मिस किया। अब सोनाक्षी से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने अपनी फीलिंग्स बताई कि उन्हें कैसा लगा जब उन्हें पता चला कि वह दूसरे पार्ट का हिस्सा नहीं हैं। सोनाक्षी ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा कि जहां तक मैं देख सकती हूं कि ‘सन ऑफ सरदार 2’ में वे अब्रॉड गए थे तो वही किरदार फिल्म का हिस्सा नहीं हो सकता था। आप ऐसे ही बुरा नहीं मान सकते।
आपको प्रेक्टिकल होना पड़ता है और हर फिल्म को एक अलग प्रोजेक्ट मानना होता है। ‘फोर्स 2’ में मैंने जॉन अब्राहम की सीनियर का रोल निभाया था, जबकि पहले पार्ट में जेनेलिया डिसूजा की कहानी पूरी हो चुकी थी। बता दें ‘सन ऑफ सरदार 2’ में अजय अपने किरदार जसविंदर सिंह रंधावा के साथ वापस आए। फिल्म को विजय कुमार अरोड़ा ने डायरेक्ट किया था। फिल्म में अजय व मृणाल के साथ रवि किशन, विंदु दारा सिंह और संजय मिश्रा भी थे। सोनाक्षी को फिल्म इंडस्ट्री में 15 साल पूरे हो गए हैं।
उनकी पहली फिल्म साल 2010 में आई ‘दबंग’ थी, जो सुपरहिट रही। सोनाक्षी ने कहा कि मैं अपनी उपलब्धियों को अभी अधूरा मानती हूं। मैं यह नहीं कहना चाहती कि मेरे करिअर में कोई भी चीज सबसे ऊंचे मुकाम पर पहुंच गई है, क्योंकि मैं अब भी यही हासिल करने की कोशिश करती हूं। उन्होंने अपने सफर को संतुलित, चुनौतीपूर्ण और सीख से भरा हुआ बताया। सोनाक्षी की पिछली फिल्म ‘निकिता रॉय’ थी, जो उनके भाई कुश सिन्हा ने डायरेक्ट की थी। अब वह फिल्म ‘जटाधारा’ में नजर आने वाली हैं जिससे उनका लुक कुछ दिनों पहले रिलीज हुआ था जो काफी डरावना था। यह तेलुगु-हिंदी फिल्म है।
प्राजक्ता कोली ने नेपाल में हुई हिंसा को लेकर जताया दुखएक्ट्रेस प्राजक्ता कोली ने नेपाल में चल रहे तनाव की वजह से अपनी ट्रिप कैंसिल कर दी है। प्राजक्ता ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर इस बात का ऐलान किया। प्राजक्ता ने लिखा, “कल नेपाल में जो हुआ, वो बेहद दुखद है। ऐसे समय में जश्न मनाना सही नहीं लगता। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्हें इस हादसे का सामना करना पड़ा। मैं आप सबसे मिलने के लिए बहुत एक्साइटेड थी, लेकिन अभी समय सही नहीं है। उम्मीद है, जल्द ही आपसे नेपाल में मुलाकात होगी।”
ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। बता दें प्राजक्ता का नेपाल से खास कनेक्शन है। प्राजक्ता के पति वृषांक खनाल नेपाल के हैं। दोनों ने इसी साल 25 फरवरी को नेपाली और मराठी रीति रिवाजों से शादी की थी। वृषांक नेपाल तो प्राजक्ता महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। दोनों काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
नेपाल की रहने वाली दिग्गज अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने भी प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई की निंदा की थी। उन्होंने इसे काला दिन बताया और खून से सने एक जूते की तस्वीर इस मैसेज के साथ पोस्ट की, “आज नेपाल के लिए काला दिन है, जब जनता की आवाज, भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोश और न्याय की मांग का जवाब गोलियों से दिया जाता है।”
उल्लेखनीय है कि नेपाल सरकार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बैन करने के फैसले पर नेपाल में GenZ प्रोटेस्ट हुआ। इसमें युवाओं ने सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया। इसमें 20 लोगों की मौत भी हो गई। हालांकि बाद में सरकार ने अपना फैसला वापस लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगा बैन हटा दिया।