दिग्गज एक्टर अजय देवगन की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' को लेकर फैंस में काफी बेकरारी है। वे इस फिल्म को देखने के लिए बेताब हैं। इसके डायरेक्शन का जिम्मा विजय कुमार अरोड़ा ने संभाला है। इस बीच आज मंगलवार (22 जुलाई) को निर्माताओं ने 'सन ऑफ सरदार 2' का नया ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसे देखकर हंसी के फव्वारे छूट पड़ेंगे। अजय एक बार फिर 'जस्सी रंधावा' बनकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। 'जस्सी' की कहानी की शुरुआत होती है शादी से। उनकी दुल्हन बनी हैं नीरू बाजवा। लेकिन शादी के बाद ‘जस्सी’ की जिंदगी आसान नहीं रहती।
नीरू उनसे तलाक मांगने लगती हैं और यहीं से शुरू होती है ‘जस्सी’ की परेशानियों की लिस्ट। इसके बाद ‘जस्सी’ एक के बाद एक तीन और मुसीबतों का जिक्र करता है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि फिल्म की कहानी उसी के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में ‘जस्सी’ की चार मुसीबतों का जिक्र किया गया है। पहली-झूठे प्यार में फंस गया। दूसरी–चार महिलाओं के चक्कर में फंस गया। इसके बाद जस्सी एक महिला का जिक्र करता है जो पाकिस्तान से है। यही से शुरू होता है एक मजेदार पर इमोशनल ट्विस्ट। तीसरी–‘जस्सी’ की एंट्री होती है माफिया परिवार में, जहां हर कदम पर खतरा है।
चौथी–अपनी ‘बेबे’ से किया हुआ वादा, जो निभाना अब ‘जस्सी’ की मजबूरी बन गया है। इस फिल्म का पहला ट्रेलर 11 जुलाई को सामने आया था। फिल्म में पहली बार अजय की जोड़ी अभिनेत्री मृणाल ठाकुर के साथ बनी है। इसमें रवि किशन, कुब्रा सेठ, संजय मिश्रा, दीपक डोबरियाल, विंदू दारा सिंह, चंकी पांडे और नीरू बाजवा जैसे सितारे भी अदाकारी का तड़का लगाएंगे। फिल्म 1 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का सामना तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म 'धड़क 2' से होगा। अब यह तो वक्त ही बताएगा कि इनमें से कौन बाजी मारेगा। अजय की पिछली फिल्म ‘रेड 2’ थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस किया।
‘वॉर 2’ में होगी ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की भिड़ंतऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी स्टारर मास एक्शन फिल्म ‘वॉर 2’ को लेकर फैंस में तगड़ा क्रेज है। आज मंगलवार (22 जुलाई) को यशराज फिल्म्स (YRF) ने ‘वॉर 2’ के ट्रेलर की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। ट्रेलर अब बहुत जल्द दर्शकों के बीच में होगा। मेकर्स ने फिल्म से एक नया पोस्टर भी जारी किया है। ‘वॉर 2’ के टीजर में ऋतिक और एनटीआर की पहली झलक देखने को मिली थी और अब ट्रेलर में बड़े धमाके लिए तैयार रहें।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा है, “अनाउंसमेंट, वॉर 2 ट्रेलर 25 जुलाई को रिलीज होने जा रहा है, यह हिंदी, तमिल, तेलुगू में भी रिलीज होगा।” पोस्टर में ऋतिक और एनटीआर एक्शन मोड में दिख रहे हैं। इस पर लिखा है, “साल 2025 में सिनेमा के दो आइकन ने सिनेमा में अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं, इसका जश्न मनाने के लिए 25 जुलाई की तारीख को चुना है, यह टाइटंस के बीच सबड़े बड़ा क्लैश होने जा रहा है, डेट नोट कर लें।” ‘वॉर 2’ स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होने जा रही है।
फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है। स्पाई यूनिवर्स की इस फिल्म को रिलीज होने में अब बस 25 दिन बचे हैं। कियारा भी स्क्रीन पर पहली बार एक्शन करते हुए दिखाई देने वाली हैं। अब तक लोगों ने कियारा को सिर्फ रोमांस या कॉमेडी करते हुए ही देखा है। ऐसे में कियारा के फैंस भी फिल्म के लिए एक्साइटेड हैं।