अजय देवगन की 'Son of Sardaar 2' पर सुनील शेट्टी का रिएक्शन – हंसी से लोटपोट करेगी फिल्म

अजय देवगन और मृणाल ठाकुर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' आज, 1 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। दर्शकों के साथ-साथ सितारे भी इस फिल्म को लेकर खासा उत्साहित नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सुनील शेट्टी भी फिल्म देखने पहुंचे और अब उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

लंदन में अजय देवगन और बेटे अहान शेट्टी के साथ 'सन ऑफ सरदार 2' का शो देखने के बाद सुनील शेट्टी ने इसे 'हंसी का महाकुंभ' करार दिया है। उन्होंने अजय देवगन की अभिनय शैली की जमकर सराहना की और कहा कि, इतनी बेताबी और स्वैग के साथ सिर्फ अजय ही परदे पर ऐसा पागलपन रच सकते हैं।

लंदन से आया सुनील शेट्टी का रिव्यू

फिल्म देखने के बाद सुनील शेट्टी ने अजय देवगन और अहान शेट्टी के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “दुनिया के हर कोने में कुछ खास होता है, लेकिन लंदन में फिल्म देखना एक अलग ही अनुभव था! अजय, अहान और मेरे साथ ‘सन ऑफ सरदार 2’ देखी और खूब ठहाके लगाए। उन्होंने आगे कहा, “एजे, तुम्हारा वह खास स्टाइल – मजेदार और पागलपन भरा – जिसे देखकर हंसी खुद-ब-खुद आ जाती है। अहान भी हंसते-हंसते लोटपोट हो गया। ऐसी फिल्में बहुत कम बनती हैं जो तीन पीढ़ियों को साथ में हंसने का मौका देती हैं।”
जस्सी के अंदाज़ में अजय की वापसी

विजय कुमार अरोड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर 'जसविंदर जस्सी सिंह रंधावा' के किरदार में नज़र आए हैं। यह फिल्म 2011 में आई सुपरहिट 'सन ऑफ सरदार' की स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है। इस बार की कहानी जस्सी के स्कॉटलैंड जाने पर आधारित है, जहां वह अपनी पत्नी से सुलह करने की कोशिश करता है। लेकिन किस्मत उसे एक नए हंगामे की ओर ले जाती है — वह एक स्थानीय झगड़े में फंस जाता है और शुरू होता है हास्य, ड्रामा और हंगामे से भरा सफर।

दमदार स्टारकास्ट, ज़बरदस्त मनोरंजन

इस कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर फिल्म में मृणाल ठाकुर के साथ-साथ रवि किशन, नीरू बाजवा, दीपक डोबरियाल, कुब्रा सैत, चंकी पांडे, विंदू दारा सिंह और रोशनी वालिया जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज़ ने एक और मायने में लोगों को भावुक कर दिया क्योंकि यह मुकुल देव की मृत्यु के बाद रिलीज होने वाली उनकी आखिरी फिल्मों में से एक है।

बॉक्स ऑफिस पर होगी बड़ी टक्कर

'सन ऑफ सरदार 2' की टक्कर अब सीधे बॉक्स ऑफिस पर तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी की बहुचर्चित फिल्म 'धड़क 2' से है। अब देखना दिलचस्प होगा कि हंसी और एक्शन से भरपूर यह पंजाबी ठाठ की फिल्म दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।