2 News : अमृता के साथ ऐसी थी सोहा की बॉन्डिंग, सैफ-करीना की इंटरफेथ शादी पर दोनों को मिली थीं धमकियां

एक्टर सैफ अली खान और एक्ट्रेस अमृता सिंह की शादी साल 1991 में हुई थी, लेकिन साल 2004 में दोनों अलग हो गए। उनके बेटी सारा और बेटा इब्राहिम अली खान हैं। शुरू में दोनों के परिवार इस शादी से खुश नहीं थे, लेकिन समय के साथ सब ठीक हो गया था। इस बीच सैफ की बहन सोहा अली खान ने हाल ही में बताया कि तलाक के बाद उन्होंने खुद को कैसे बदला, क्योंकि उनका अपनी भाभी अमृता से बहुत अच्छा रिश्ता था। नयनदीप रक्षित के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान जब सोहा से सैफ के तलाक के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि ये ऐसी चीजें हैं जिन पर आपका कोई नियंत्रण नहीं होता।

जब शादी खत्म होती है, तो दोनों परिवारों को भी बदलना और खुद को ढालना पड़ता है। कुछ समय बाद आप अपना अलग रिश्ता बना लेते हैं, लेकिन ये थोड़ा जटिल होता है। मेरे लिए अमृता वो हैं, जिनके साथ मैं उनके घर में रही हूं। उन्होंने मेरी देखभाल की है। मुझे फोटोशूट्स पर लेकर गई हैं और बहुत कुछ किया है। हम साथ में स्क्रैबल खेलते थे। जैसे हर रिश्ता बदलता है, वैसे ही इसमें भी समय लगा। जब उनका रिश्ता खत्म हुआ, तो हमें भी बदलाव और समझौते से गुजरना पड़ा।

पहले तो उन्हें अपना रिश्ता तय करने देना होता है, फिर आपको उसमें अपना रिश्ता ढूंढना होता है। हमने भी ऐसा ही किया। अब सब कुछ ठीक है। बच्चे बड़े हो गए हैं और अब हर कोई खुद को सहज महसूस कर सकता है। सारा तब 9 साल की थी और इब्राहिम 3 साल का था। बता दें तलाक के बाद अमृता ने दोनों बच्चों की परवरिश की है। दोनों बॉलीवुड में कदम रख चुके हैं।
साल 2012 में प्राइवेट तरीके से हुई थी सैफ और करीना की शादी

सोहा ने सैफ और एक्ट्रेस करीना कपूर खान की शादी को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे दोनों को शादी के समय आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उनका रिश्ता अलग धर्मों के होने की वजह से लोगों की नजरों में था। उन्हें धमकियां भी मिलीं, जिसमें उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा बताया गया। इसके बावजूद वे अपने फैसले पर अडिग रहे। उल्लेखनीय है कि सैफ-करीना ने अक्टूबर 2012 में प्राइवेट तरीके से शादी की थी और उनके दो बेटे तैमूर व जेह हैं।

सोहा ने कहा कि जब भाई की दूसरी शादी हुई थी, तब कई अजीब बातें सुनी गईं। ‘लव जिहाद’, ‘घर वापसी’ जैसी हेडलाइनें बनाई गईं। जैसे कहा गया, ‘तुमने हमारा ले लिया, अब हम तुम्हारा लेंगे।’ इस तरह की बातें मेरे लिए नई नहीं थीं। सोहा की शादी साल 2015 में एक्टर व फिल्ममेकर कुणाल खेमू के साथ हुई थी। सोहा ने कहा कि मुझे अपनी इंटरफेथ (अंतर धार्मिक) शादी को लेकर कोई बैकलैश महसूस नहीं हुआ। मुझे फर्क नहीं पड़ा क्योंकि मेरे लिए मायने ये रखते हैं कि मेरे अपने और जिनकी मैं परवाह करती हूं, वे मेरे साथ हैं।

लोगों की अपनी राय होती है, ये ठीक है। अगर लोग नफरत या आलोचना करें तो भी मुझे कोई समस्या नहीं है। मेरी नजर में सबसे जरूरी अपने परिवार और प्यार करने वालों का सपोर्ट है। उल्लेखनीय है कि सोहा के माता-पिता शर्मिला टैगोर व दिवंगत मंसूर अली खान पटौदी को भी इंटरफेथ मैरिज की वजह से विरोध का सामना करना पड़ा था।