2 News : इस एक्ट्रेस ने दूसरी बार दिया बेटी को जन्म, इन्होंने मुंबई में घर खरीदने को बताया बेवकूफी वाला आइडिया

छोटे पर्दे की मशहूर एक्ट्रेस स्मृति खन्ना के फैंस के लिए खुशखबरी है। वह दूसरी बार मां बन गई हैं। ‘मेरी आशिकी तुम से ही’ फेम स्मृति ने सोशल मीडिया पर न्यूबॉर्न बेबी की पहली झलक दिखाई है। स्मृति ने शुक्रवार (6 सितंबर) को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर दूसरी बार मां बनने का एलान किया। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी के साथ न्यूबॉर्न बेटी की लेटेस्ट फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “छोटी बहन के लिए अन्काया की विश पूरी हो गई है और उसकी छोटी गुड़िया इस दुनिया में आ गई है। अब हमारी फैमिली पूरी तरह से कम्प्लीट हो गई है।”

तस्वीर में नवजात बेबी को ढके हुए कपड़ों में देखा जा सकता है। स्मृति ने इस पोस्ट में ये भी बताया कि 5 सितंबर को उन्होंने अपनी दूसरी बिटिया को जन्म दिया। स्मृति ने साल 2017 में गौतम गुप्ता के साथ शादी की थी। शादी के कुछ सालों बाद उन्होंने बेटी को जन्म दिया था। पिछले कई दिनों से वह सोशल मीडिया पर अपने दूसरे प्रेग्नेंसी पीरियड को लेकर अपडेट दे रही थीं। स्मृति ने अपनी प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट अप्रैल में की थी।

उन्होंने फोटो शेयर की थी जिसमें उनका बेबी बंप दिखाई दे रहा था। उसके बाद से स्मृति अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो डालती रहती थीं जिसमें वो कभी बच्चे के कपड़े दिखाती तो कभी बेबी बंप। अब फाइनली वो दिन आ गया जब बेबी गर्ल का कपल ने वेलकम किया। एक्ट्रेस ने जब अपनी प्रेग्नेंसी अनाउंस की थी तो उस समय भी उन्होंने इंस्टा पर बेटी और पति के साथ फोटो शेयर की थी। साथ में उन्होंने एक लंबा-चौड़ा कैप्शन लिखते हुए भावनाओं का इजहार किया था।

एक्ट्रेस श्रेया धनवंतरी को मुंबई में घर खरीदने में आ रही परेशानी

एक्ट्रेस श्रेया धनवंतरी ‘द फैमिली मैन’ और ‘स्कैम 1992’ जैसी वेब सीरीज में काम कर दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुकी हैं। श्रेया को हाल ही मुंबई में घर खरीदने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर होना पड़ा। श्रेया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर इस बात का खुलासा किया। श्रेया ने मुंबई में घर खरीदने को एक बेवकूफी भरा सपना बताया है।

श्रेया ने अपने X (ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “मुंबई में घर खरीदना भी एक घोटाला (स्कैम) है और मुझे इस बात से नफरत है। मैं घर बनाने को सोच रही हूं वो एक बेवकूफी वाला आइडिया है। यहां घर खरीदना बहुत महंगा है। करोड़ों रुपए देकर भी आपको कुछ अच्छा नहीं मिलेगा। इसलिए ये लग्जरी तो आप भूल ही जाओ यहां पर।”

श्रेया ने साल 2009 में तेलुगू फिल्म 'जोश' से अपने सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने साल 2019 में 'व्हाई चीट इंडिया' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। उन्हें हंसल मेहता की साल 2020 में आई 'स्कैम 1992' से सबसे ज्यादा शौहरत मिली। श्रेया जल्द ही 'अद्भुत' और 'नौसिखिए' फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरती नजर आएंगी।