सिद्धार्थ मल्होत्रा का हाथी को पानी पिलाने वाला वीडियो बना विवाद का कारण, यूजर्स ने जताई नाराज़गी

बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों अपनी फिल्म ‘परम सुंदरी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। जान्हवी कपूर के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आ रही है और फिल्म रिलीज़ होते ही चर्चा में है। इसी बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जो अब विवादों का कारण बन गया है।

इस वीडियो में सिद्धार्थ एक हाथी को पानी पिलाते दिख रहे हैं। हालांकि, कई लोगों को उनका यह अंदाज बिल्कुल रास नहीं आया। उनका कहना है कि अभिनेता ने पहले पानी खुद पिया और फिर वही बचा हुआ पानी हाथी को पिला दिया। सोशल मीडिया पर यूजर्स का आरोप है कि हाथी को गणपति बप्पा का स्वरूप माना जाता है, ऐसे में उसे जूठा पानी पिलाना गलत है।

शूटिंग की झलकियों के बीच आया विवाद

सिद्धार्थ ने अपनी पोस्ट में फिल्म की शूटिंग के दौरान खींची गई कई तस्वीरें साझा की थीं। इनमें वह एक खूबसूरत झरने के पास बैठकर भोजन करते दिखे, एक फोटो में नारियल के पेड़ से लटके नजर आए, तो दूसरी तस्वीर में हाथी के साथ पोज़ दे रहे थे। इन्हीं के बीच उन्होंने एक वीडियो भी जोड़ा, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो की डिटेल और सिड का अंदाज़

इस क्लिप में सिद्धार्थ हाथ में पानी का गिलास लिए खड़े हैं। वह पहले थोड़ा पानी खुद पीते हैं और फिर हाथी से कहते हैं—“मुंह खोलो।” इसके बाद गिलास में बचा हुआ पानी हाथी को पिला देते हैं। वीडियो के अंत में वे मजाकिया अंदाज़ में कहते हैं—“चियर्स, गुड गर्ल।”

यहीं से विवाद शुरू हुआ। कई दर्शकों ने इसे मनोरंजक मानने के बजाय आपत्तिजनक बताया।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बौछार

जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, यूजर्स के कॉमेंट्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा—“वो गणपति बप्पा का रूप है और आप उसे जूठा पानी पिला रहे हो, यह गलत है।” एक अन्य यूजर ने गुस्से वाला इमोजी बनाते हुए लिखा—“वाह! हाथी को जूठा पानी पिला दिया।”
किसी ने तीखी टिप्पणी की—“दिमाग से खाली लगते हो। इतना तो पता होना चाहिए कि हाथी को कभी जूठा पानी नहीं दिया जाता।”