2 News : सिद्धार्थ-कियारा ने बेटी के मामले में इन सेलेब्स को किया फॉलो, न्यूजीलैंड में बेबीमून मना रहे राजकुमार-पत्रलेखा

सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के जीवन में हाल ही में सबसे बड़ी खुशी आ गई। कियारा ने 15 जुलाई को एक नन्हीं परी को जन्म दिया है। इस जोड़े ने मीडिया और पैपराजी के साथ भी मिठाई बांटकर इस खास मौके का जश्न मनाया। माता-पिता बनने की इस नई यात्रा को शुरू करते हुए सिड-कियारा दोनों ही बेहद उत्साहित और आनंदित हैं। अब कपल ने अपने फैंस और मीडिया से एक इमोशनल अपील की है। उन्होंने इस विशेष समय में अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हुए बेटी के लिए ‘नो फोटोज’ पॉलिसी अपनाई है।

कपल ने गुरुवार (17 जुलाई) को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में अपने सभी चाहने वालों और शुभचिंतकों के प्यार और शुभकामनाओं के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “हम सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए बहुत आभारी हैं। हमारा दिल सचमुच भर गया है। माता-पिता बनने के इस नए सफर में अपने पहले कदम रखते हुए, हम आशा करते हैं कि हम एक परिवार के रूप में इसका भरपूर आनंद लेंगे। अगर यह खास पल निजी रहे तो यह हमारे लिए बहुत मायने रखेगा। इसलिए कृपया कोई फोटो न लें, केवल आशीर्वाद दें! आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। लव, कियारा और सिद्धार्थ।”

कपल बेटी को सार्वजनिक चकाचौंध से दूर रखना चाहता है। इस तरह से सिद्धार्थ और कियारा का नाम भी उन सेलिब्रिटी माता-पिता की सूची में जुड़ गया है, जिन्होंने अपने बच्चों की गोपनीयता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अनुष्का शर्मा-विराट कोहली, दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह और रानी मुखर्जी-आदित्य चोपड़ा ने अभी तक अपने बच्चों को मीडिया की नजरों से दूर रखा है। फैंस को अभी तक बच्चों का चेहरा देखने को नहीं मिला। कुछ समय पहले सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी करीना कपूर खान ने भी मीडियाकर्मियों से अपील की है कि वे उनके बच्चों तैमूर और जेह को फॉलो नहीं करें।

हाल ही राजुकमार राव और पत्रलेखा ने होने वाले बच्चे को लेकर किया था अनाउंसमेंट

एक्टर राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा ने पिछले दिनों फैंस के साथ खुशखबरी शेयर की थी। वे जल्द ही दो से तीन होने वाले हैं। कपल ने पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर अनाउंस किया था कि वे पेरेंट्स बनने वाले हैं। इस बीच राजकुमार और पत्रलेखा न्यूजीलैंड में बेबीमून एंजॉय कर रहे हैं। कपल ने अपने बेबीमून से कई रोमांटिक तस्वीरें शेयर की हैं, जो अब वायरल हो रही हैं। पहली तस्वीर में राजकुमार और पत्रलेखा स्विमिंग पूल में हाथों में हाथ डाले हुए नजर आ रहे हैं।

इस दौरान पत्रलेखा के चेहरे पर प्रेग्नेंसी ग्लो देखा जा सकता है। वह ऑरेंज मोनोकिनी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। एक और कैंडिड शॉट में कपल को पूल में मस्ती करते देखा जा सकता है। एक अन्य तस्वीर में वे पानी में लिपकिस कर रहे हैं। पत्रलेखा ने कैप्शन लिखा, “एक अलग तरह की लग्जरी – स्लो टाइम, सॉफ्ट स्काई और वॉर्म वाटर, वैराकेई टेरेस, तुम्हें भूलना मुश्किल होगा।”

इस बीच पत्रलेखा ने बॉम्बे टाइम्स के साथ बातचीत में कहा कि हमें प्रेग्नेंसी के बारे में पता था, इसलिए हमने बोट राइडिंग से परहेज किया। मैंने बंजी जंपिंग और स्काईडाइविंग भी नहीं करने का फैसला किया, लेकिन इस ट्रिप को फुल एंजॉय किया। यादें अमेजिंग हैं। राजकुमार ने कहा कि हम दोनों शौकीन ट्रैवलर्स हैं और ये ट्रिप अब तक के सबसे अनफॉरगेटेबल एडवेंचर्स में से एक रही। बता दें राजकुमार और पत्रलेखा ने साल 2021 में चंडीगढ़ में सात फेरे लिए थे। राजकुमार के काम पर नजर डालें तो अभी सिनेमाघरों में उनकी फिल्म ‘मालिक’ लगी हुई है। इसमें उनके साथ मानुषी छिल्लर हैं।