Lock Upp 2 की ट्रॉफी जीतकर भावुक हुईं श्रेया कालरा, बोलीं- कंटेंट क्रिएटर होने की वजह से मुझे कम समझा गया

श्रेया कालरा के लिए 'लॉक अप सीजन 2' का सफर यादगार बन गया। कंटेंट क्रिएटर, मॉडल और अभिनेत्री श्रेया ने बुधवार, 5 अगस्त 2026 को रियलिटी शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के बाद वह पहली बार इंस्टाग्राम लाइव पर आईं, जहां उन्होंने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ इस खास पल का जश्न मनाया। इस दौरान श्रेया काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय उन दोस्तों को दिया, जिन्होंने पूरे शो के दौरान हर मुश्किल वक्त में उनका साथ निभाया। साथ ही उन्होंने यह भी साझा किया कि इंडस्ट्री में उन्हें कई बार कमतर आंका गया और बाहरी होने की वजह से ताने भी सुनने पड़े।

दोस्तों को समर्पित की अपनी जीत

इंस्टाग्राम लाइव के दौरान श्रेया के आसपास उनके दोस्त और परिवार मौजूद थे। जैसे ही वह ट्रॉफी के साथ लाइव आईं, सभी ने जोरदार तालियों और खुशी के साथ उनका स्वागत किया। उनके बॉयफ्रेंड और अभिनेता ऋषभ जायसवाल ने उन्हें ट्रॉफी के साथ अपने कंधों पर उठा लिया, जबकि उनकी मां बेटी की इस उपलब्धि को देखकर भावुक हो गईं। बाद में श्रेया ने सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

श्रेया ने फिनाले में शिवांगी जोशी को पीछे छोड़ते हुए 'लॉक अप 2' की ट्रॉफी अपने नाम की। इसके साथ ही उन्हें 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली। जीत के बाद उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उन सभी दोस्तों की भी है जिन्होंने शो के बाहर लगातार उनका समर्थन किया और आलोचनाओं के बीच उनके लिए मजबूती से खड़े रहे।

बोलीं- हमेशा आउटसाइडर कहकर किया गया जज

जश्न के दौरान श्रेया ने भावुक होकर कहा कि यह ट्रॉफी उन सभी लोगों की है, जिन्होंने उनके सपनों पर भरोसा किया। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें यह कहकर नीचा दिखाया गया कि वह इंडस्ट्री से नहीं हैं, सिर्फ कंटेंट क्रिएटर हैं और इसी वजह से उन्हें बड़े मौके नहीं मिलते।

उन्होंने कहा कि उनके दोस्तों ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया, लोगों की आलोचनाओं का सामना किया और उन पर विश्वास बनाए रखा। श्रेया ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी यह जीत अकेले की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत और विश्वास का नतीजा है।
ग्रैंड फिनाले में ऐसे बनीं विजेता

'लॉक अप 2' का ग्रैंड फिनाले बुधवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया। अंतिम मुकाबले में टॉप-5 कंटेस्टेंट्स को तीन अलग-अलग चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले फिजिकल टास्क में राम कपूर बाहर हो गए। इसके बाद हुए 'ब्लफ मास्टर' राउंड में शिल्पा शिंदे का सफर खत्म हो गया।

फाइनल राउंड में श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी और योगेश रावत को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता बनने के साथ उन्हें ट्रॉफी के अलावा 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी दी गई।

कौन हैं श्रेया कालरा?

श्रेया कालरा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर, मॉडल, अभिनेत्री और रियलिटी शो पर्सनैलिटी के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टिकटॉक से की थी और ऐप बंद होने के बाद इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनके वीडियो को लाखों लोग पसंद करते हैं।

14 जनवरी 1997 को मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मीं श्रेया ने एमबीए की पढ़ाई की है। डांस, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट से जुड़े कंटेंट के जरिए उन्होंने डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। अब 'लॉक अप 2' का खिताब जीतने के बाद उनके करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।