एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा लगातार खबरों में बने रहते हैं। फिलहाल यह कपल 60 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में फंसा हुआ है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार (6 अक्टूबर) को शिल्पा से उनके घर पर करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ एक कारोबारी दीपक कोठारी द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों के संबंध में की गई। कोठारी ने शिल्पा और कुंद्रा पर लोन और निवेश के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाया है। इस मामले में जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है।
EOW ने अब तक कुंद्रा सहित 5 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पूछताछ के दौरान शिल्पा ने पुलिस को अपनी विज्ञापन कंपनी के बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी दी। शिल्पा से कंपनी में उनकी भूमिका, निवेश निर्णयों में उनकी भागीदारी और वित्तीय दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर से जुड़े कई सवाल पूछे गए। सूत्रों के अनुसार शिल्पा ने खुद को ‘एक साइलेंट पार्टनर’ बताया और कहा कि कंपनी के सारे ऑपरेशनल फैसले उनके पति लेते थे। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस मामले में शिल्पा और कुंद्रा की कितनी संलिप्तता है। यह पहली बार नहीं है जब शिल्पा और कुंद्रा विवादों में घिरे हैं।
इससे पहले भी कुंद्रा का नाम कई विवादास्पद मामलों में सामने आ चुका है। EOW की जांच अभी जारी है और पुलिस इस मामले में और सबूत जुटाने में जुटी है। बता दें कि सितंबर में EOW ने कुंद्रा का बयान दर्ज किया था। मुंबई पुलिस ने एक अपडेट शेयर करते हुए कहा, “अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में जांच चल रही है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने राज कुंद्रा को समन जारी किया था। उन्हें जांच के लिए पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।” इस मामले में पूछताछ के दौरान कुंद्रा ने दावा किया कि उस रकम का कुछ हिस्सा उन्होंने बिपाशा बसु, नेहा धूपिया और एकता कपूर जैसी बॉलीवुड हस्तियों को प्रोफेशनल फीस के रूप में दिया था। हालांकि, इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में भी थीं आलिया भट्टएक्ट्रेस आलिया भट्ट को लेकर फैंस और फिल्ममेकर्स में हमेशा क्रेज रहता है। उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार किया जाता है। अब आलिया को लेकर खबरें सामने आ रही हैं कि वह दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर की अगली मूवी में नजर आएंगी। इसके लिए आलिया के साथ-साथ करण की बातचीत रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ भी चल रही है। ये तीनों संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएंगे। इस मूवी का क्लाइमेक्स सीन आने वाले कुछ दिनों में इटली में शूट किया जाएगा। फिल्म अगले साल मार्च में रिलीज होने के लिए तैयार है।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक करण और आलिया एक बार फिर साथ काम करने के लिए तैयार हैं। इस मूवी को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट होनी अभी बाकी है। इसके लिए रणबीर और विक्की भी अहम रोल के लिए फाइनल किए जा सकते हैं। आलिया और रणबीर ने अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में साथ काम किया था। वहीं आलिया और विक्की फिल्म 'राजी' में दिखे थे। बता दें करण की पिछली फिल्म साल 2023 में आई ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ थी। इसमें आलिया के साथ रणवीर सिंह थे और फिल्म ने अच्छा बिजनेस किया था। करण ने इस मूवी के साथ लंबे समय बाद डायरेक्टर के रूप में वापसी की थी।