एक्ट्रेस शहनाज गिल ने सुपरस्टार सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ से खूब लोकप्रियता हासिल की थी। तब से ही वह हमेशा लाइमलाइट में रहती हैं। शहनाज बॉलीवुड में भी एंट्री कर चुकी हैं। BB 13 में उनके भाई शहबाज बादेशा की फैमिली वीक में स्पेशल एंट्री देखने को मिली थी, जिसने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया था। अब शहबाज BB 19 का हिस्सा हो सकते हैं। हाल ही शो का एक प्रोमो रिलीज किया गया। इस वीडियो में शहबाज और यूट्यूबर मृदुल तिवारी में से किसी एक को दर्शकों को वोट के जरिए चुनने का मौका दिया गया है।
इनमें से जो भी बाजी मारेगा उसे घर में जाने का मौका मिलेगा। हालांकि इस नए फॉर्मेट को शहनाज ने अनफेयर बताया है। शहनाज ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह शहबाज और मृदुल में से किसी एक को चुनने को गलत कह रही है। शहनाज ने कहा, “जब मैं BB 13 में थी, तब से ही मेरे भाई शहबाज शो में आने के लिए लगातार कोशिश कर रहे थे। वे वहां एक हफ्ते तक रहे थे और लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया था। अब आखिरकार उन्हें BB 19 में जाने का मौका मिल रहा है लेकिन मौका ऐसा है कि दोनों ही नॉमिनेट होकर घर से बेघर हो गए हैं, जो बिल्कुल गलत है।
मैं सचमुच चाहती हूं कि दोनों अंदर जाएं, लेकिन मैं चाहती हूं कि आप सब शहबाज को वोट दें। वे अंदर जाने के लिए बहुत एक्साइटेड है। उन्हें वहां जाने दो तभी उन्हें पता चलेगा कि सफर कितना मुश्किल है। कृपया दोनों लड़कों को अंदर भेज दो।” उल्लेखनीय है कि शहनाज की BB 13 में एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के साथ दोस्ती हो गई थी, जो प्यार में बदल गई। शो से बाहर आने के बाद भी उनका रिलेशनशिप जारी था। सिद्धार्थ ने साल 2021 में हार्ट अटैक के चलते दुनिया को अलविदा कह दिया, जिससे ‘सिडनाज’ की जोड़ी टूट गई। ‘बिग बॉस 19’ की बात करें तो यह 24 अगस्त से कलर्स टीवी पर शुरू होने वाला है, जिसमें इस बार घरवालों की सरकार थीम है। घरवालों के हाथ में कई बड़े फैसले की पावर होगी।
‘बिग बॉस 19’ का हिस्सा बन सकती हैं अशनूर कौर और हुनर हालीटेलीविजन जगत की दो मशहूर एक्ट्रेस अशनूर कौर और हुनर हाली इन दिनों चर्चाओं में हैं। कहा जा रहा है कि वे BB 19 का हिस्सा बनेंगी। हाल ही में दोनों को गुरुद्वारे में मत्था टेकते हुए देखा गया। इसके बाद ये अटकलें और भी तेज हो गई हैं कि दोनों शो में दिखेंगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में वे पारंपरिक परिधान में नजर आईं। दोनों ने सिर पर चुन्नी ओढ़ रखी थी और बड़ी विनम्रता से गुरुद्वारे में आशीर्वाद लिया। अशनूर पिता के साथ स्पॉट हुईं, जहां पैपराजी ने उनसे ‘बिग बॉस’ को लेकर सवाल भी पूछा।
हालांकि वे इस बारे में कुछ भी कहने से बचती दिखीं, लेकिन उनकी मुस्कान ने उम्मीदें बढ़ा दीं। माना जा रहा है कि दोनों घर में कदम रखने से पहले आशीर्वाद लेने पहुंची थीं। बता दें अशनूर बचपन से ही टीवी का जाना-पहचाना चेहरा रही हैं। उन्होंने चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में मासूमियत और अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। हुनर की लोकप्रियता भी कम नहीं है। वह ‘सपनों से भरे नैना’ और ‘एक बूंद इश्क’ जैसे धारावाहिकों में खुद को साबित कर चुकी हैं। इन दोनों के अलावा शो के लिए रति पांडे, अपूर्व मखिजा, मिस्टर फैसू, धनश्री वर्मा, श्रीराम चंद्रा, मीरा देवस्थले, भाविका शर्मा, शैलेश लोढ़ा, गुरुचरण सिंह, जेनिफर मिस्त्री के नाम भी चल रहे हैं।