गणपति की पूजा के लिए CM शिंदे के घर पहुंचे शाहरुख-सलमान, अमिताभ की कई फिल्में लिखने वाले प्रयाग राज का निधन

इन दिनों देश में गणेशोत्सव की धूम है। महाराष्ट्र में इसका ज्यादा असर नजर आता है। वहां घर-घर में गणपति की स्थापना और फिर उनके विसर्जन का चलन है। ऐसे में मनोरंजन जगत से जुड़े लोग कहां पीछे रहने वाले हैं। वे भी गणेश जी की भक्ति में सराबोर दिखते हैं। इस बीच 90 के दशक से बॉलीवुड में छाए दो सुपरस्टार शाहरुख खान और सलमान खान रविवार (24 सितंबर) रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के घर गणपति पूजन में शामिल हुए।

शिंदे ने दोनों को सम्मान स्वरूप शॉल और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। साथ ही गणपति की मूर्ति भी उपहार में दी। इस दौरान दोनों कलाकारों ने शिंदे के साथ तस्वीरें क्लिक करवाईं। ये तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस दौरान शाहरुख की मैनेजर पूजा ददलानी भी साथ हैं। इसके साथ ही सलमान की बहन अर्पिता और उनके जीजा आयुष शर्मा भी वहां पहुंचे हुए थे। दोनों खान एथनिक अवतार में थे।

सलमान ने रेड कुर्ता और ब्लैक पायजामा पहना था, जबकि शाहरुख पठानी अंदाज में ब्ल्यू कुर्ता में दिखाई दिए। इस दौरान महान गायिका आशा भोसले, फिल्ममेकर बोनी कपूर, एक्टर जैकी श्रॉफ, टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई सहित कई सितारे इस पूजा में शामिल हुए। सलमान की अगली फिल्म ‘टाइगर 3’ इसी दिवाली तथा शाहरुख की ‘डंकी’ दिसंबर में रिलीज होगी। सलमान की पिछली फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ फ्लॉप रही थी, जबकि शाहरुख की पिछली दोनों फिल्में ‘पठान’ और ‘जवान’ सुपरहिट रही हैं।

अमिताभ बच्चन और अनिल कपूर ने प्रयाग राज के निधन पर जताया शोक

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की 'अमर अकबर एंथोनी' जैसी सुपरिहट फिल्मों का हिस्सा रहे लेखक प्रयाग राज ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वे 88 वर्ष के थे। प्रयाग राज बढ़ती उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। उनके बेटे आदित्य ने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे बांद्रा स्थित घर पर उनका निधन हो गया। उन्हें 8-10 सालों से हार्ट और उम्र से संबंधित कई बीमारियां थीं।

बता दें कि प्रयाग राज ने अमिताभ की 'नसीब', 'सुहाग', 'कुली' और 'मर्द' फिल्म की कहानियां भी लिखी थीं। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों का स्क्रीनप्ले लिखा था। उन्होंने गीतकार के रूप में कुछ गाने भी लिखे। प्रयाग राज ने 'रोटी', 'धरम वीर' और 'अमर अकबर एंथोनी' की पटकथा में लिखने में सपोर्ट किया था। उन्होंने अमिताभ, रजनीकांत और कमल हासन की फिल्म 'गिरफ्तार' भी लिखी थी। उनकी आखिरी फिल्म स्वर्गीय एस रामनाथन के डायरेक्शन में बनी 'जमानत' थी।

उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह किया गया। अमिताभ ने अपने ब्लॉग में प्रयाग राज को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, पिछली शाम हमने अपने महान फिल्म उद्योग का एक और पिलर खो दिया। अनिल कपूर ने ट्विटर (एक्स) पर लिखा, मैं दिवंगत प्रयाग राज के जाने से दुखी हूं। 'हिफाजत' में उनके साथ काम करना मेरे सौभाग्य की बात थी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। एक्ट्रेस शबाना आजमी ने लिखा, राइटर, डायरेक्टर, एक्टर प्रयाग राज के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ, RIP..