वरिष्ठ अभिनेता शरत सक्सेना ने 76 साल की उम्र में लम्बर स्पाइन सर्जरी करवाई है। छह घंटे तक चली इस सर्जरी के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से लेकर घर वापसी तक की कई तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह सर्जरी के बाद अस्पताल के बिस्तर पर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। उनके अंदाज से साफ है कि इतनी लंबी सर्जरी के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ है।
शरत सक्सेना ने अपने सोशल मीडिया अपडेट में लिखा, 6 घंटे की स्पाइन सर्जरी हो गई। एक अच्छे इंसान को कोई रोक नहीं सकता। उनके पोस्ट में परिवार और दोस्तों के साथ बिताए पलों की तस्वीरें भी शामिल हैं। एक तस्वीर में वह दोस्तों के साथ कार में घर लौटते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने एक छोटी सी सेलिब्रेशन की तस्वीर भी शेयर की, जिस पर लिखा था, आज पार्टी, कल जिम।
सर्जरी के बाद भी फिटनेस को लेकर वही अंदाजशरत सक्सेना ने पोस्ट में अपने खास मजाकिया अंदाज को बरकरार रखा। अस्पताल की एक तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, अब और सूप नहीं!!! वहीं एक अन्य तस्वीर पर संदेश था, अब और वॉकिंग स्टिक की जरूरत नहीं!!! इन तस्वीरों के जरिए अभिनेता ने सर्जरी के बाद अपने उत्साह और सकारात्मक अंदाज की झलक दी।
सर्जरी से पहले भी साझा की थी तस्वीरलम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले शरत सक्सेना ने अस्पताल से अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इनमें वह बॉम्बे हॉस्पिटल में एमआरआई करवाते दिखाई दिए थे। उन्होंने उस समय बताया था कि यह जांच उनकी लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले हो रही है। तस्वीरों में उन्हें अपराइट एमआरआई मशीन के साथ देखा गया था।
फिटनेस के लिए भी मशहूर हैं शरत सक्सेना76 साल की उम्र में भी शरत सक्सेना अपनी फिटनेस के लिए पहचाने जाते हैं। 17 अगस्त 1950 को जन्मे अभिनेता ने उम्र बढ़ने के बावजूद अपने वर्कआउट रूटीन को बनाए रखा है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह दिन में करीब दो घंटे ट्रेनिंग करते हैं।
उन्होंने अपने वर्कआउट के अनुभव को लेकर बताया था कि जब वह युवा थे, तब करीब 20 मिनट की एक्सरसाइज के बाद ही थक जाते थे। इसके मुकाबले अब वह दो घंटे तक ट्रेनिंग करने के बाद भी खुद को अच्छा महसूस करते हैं।
पांच दशक से ज्यादा लंबा है फिल्मी करियरशरत सक्सेना का फिल्मी करियर पांच दशकों से भी ज्यादा समय का रहा है। उन्होंने हिंदी के अलावा अन्य भारतीय भाषाओं की 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनके करियर में मिस्टर इंडिया, त्रिदेव, घायल, खिलाड़ी, गुलाम, गुप्त: द हिडन ट्रुथ, फिर हेरा फेरी, बागबान, फना, क्रिश और बजरंगी भाईजान जैसी फिल्में शामिल हैं।
अभिनेता को पर्दे पर कई बार नकारात्मक भूमिकाओं में भी देखा गया है। हाल ही में वह अजय देवगन स्टारर फिल्म सन ऑफ सरदार 2 में नजर आए थे। लंबे फिल्मी सफर और यादगार भूमिकाओं के साथ शरत सक्सेना ने अपनी फिटनेस को लेकर भी दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है।