पैपराजी से बचते नजर आए शाहरुख! रेट्रो लुक में प्रियंका ने ढाया कहर, अब ऐसे दिखते हैं दर्शील सफारी...

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान लंबे वक्त से बेटे आर्यन खान को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। शनिवार को शाहरुख के दिल्ली रवाना होने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद रविवार को उनकी मुंबई वापसी हो गई। हालांकि शाहरुख पैपराजी से छिपते हुए नजर आए। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे कुछ पैपराजी ने भी शेयर किया। वीडियो मुंबई एअरपोर्ट के कलीना टर्मिनल का बताया जा रहा है। जहां एक आदमी छाते की मदद से पैपराजी से बचते हुए कार में बैठ रहा है। माना जा रहा है कि ये शख्स कोई और नहीं बल्कि शाहरुख हैं।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद शाहरुख के फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स खूब रिएक्ट कर रहे हैं। कुछ का कहना है कि शाहरुख बेटे की करतूत के चलते चेहरा नहीं दिखा रहे हैं तो कुछ का कहना है कि उन्होंने अपनी फिल्म के लुक को छिपाने के लिए ऐसा किया। उल्लेखनीय है कि शाहरुख की पिछली फिल्म साल 2018 में आई जीरो थी। शाहरुख जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी हैं।


लिली सिंह की दिवाली पार्टी में सेंटर ऑफ अट्रेक्शन बनीं प्रियंका

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को सोशल मीडिया काफी पसंद है। वे अक्सर फोटो और वीडियो शेयर करती रहती हैं। प्रियंका ने लॉस एंजेलिस में अपने नए घर में दिवाली पर पति निक जोनास के साथ न सिर्फ लक्ष्मी पूजन किया, बल्कि जमकर सेलिब्रेट भी किया। अब प्रियंका की नई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वे रेट्रो लुक में हैं। प्रियंका ने ये तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं, जो लिली सिंह की दिवाली पार्टी की हैं। प्रियंका ने सूट के साथ बड़े सनग्लासेस पहने हैं। वे बेहद स्टनिंग लग रही हैं। प्रियंका ने लाइट मेकअप और खुले बालों के साथ लुक कंप्लीट किया है।

ग्रीन नेकलेस और चूड़ियां प्रियंका के लुक को और खूबसूरत बना रही हैं। प्रियंका ने लिखा, लिली सिंह को आदर्श मेजबान और दोस्त क्या बनाता है? वे एक फेलो पंजाबी हैं। इस साल के दिवाली समारोह का क्या शानदार अंत हुआ! इतनी शानदार शाम के लिए लिली तुम्हारा शुक्रिया। आपको बता दें कि प्रियंका ने भी दिवाली के मौके पर घर में पार्टी रखी थी जिसमें उनके दोस्त और करीबी शामिल हुए थे।


दर्शील ने तारे जमीन पर फिल्म में निभाया था ईशान का रोल

वर्ष 2007 में आई दिग्गज एक्टर आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीन पर' ने खूब वाहवाही बटोरी थी। इसमें दर्शील सफारी छोटे बच्चे ईशान के किरदार में नजर आए थे। ईशान ने अपनी एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा था। अब दर्शील 24 साल के हो गए हैं। वे पहले से काफी हैंडसम दिखने लगे हैं। इन दिनों उनकी एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसे देखने के बाद लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या ये वही दर्शील हैं, जिन्हें फिल्म में पढ़ने-लिखने की समस्या थी। तब दर्शील ने नेशनल अवार्ड जीतकर सभी को हैरान कर दिया था।

दर्शील की नई फोटो में वे काले चश्मे और सफेद टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं। लोग उन्हें पहचान नहीं पा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आपको देखकर अब भी यही लगता है कि आप उतने ही जीनियस हैं, जितना तारे जमीन पर थे।’ तो एक अन्य ने लिखा, ‘आपको देखकर पहचान नहीं पाया।' एक ने उन्हें मनी हाइस्ट के प्रोफेसर और निक जोनस का मिक्सचर बताया।