सुपरस्टार शाहरुख खान 3 दशक से भी ज्यादा समय से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। उन्हें लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज देखा जाता है। शाहरुख ने साल 2023 में करीब 5 साल के ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी की थी। उन्होंने अपने चाहने वालों को एक के बाद एक तीन सुपरहिट फिल्मों ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ की सौगात दी थी। फैंस की दीवानगी को देखकर कोई भी समझ सकता है कि शाहरुख भले ही 60 साल के होने जा रहे हैं लेकिन वे अपनी एक्टिंग और दमदार पर्सनलिटी की बदौलत आज भी सबकी आंखों के तारे बने हुए हैं। दर्शक उनकी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर बेसब्र हुए जा रहे हैं।
इस फिल्म को लेकर आएदिन खबरें सामने आती रहती हैं। अब बताया जा रहा है कि ‘किंग’ की रिलीज को फिलहाल के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट में बदलाव कर दिया है। मिड डे की खबर के अनुसार बताया जा रहा है ‘किंग’ की शूटिंग में देरी हो रही है, जिसकी वजह शाहरुख की चोट है। कुछ दिन पहले ‘जवान’ फिल्म के लिए नेशनल अवार्ड मिलने की खुशी में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनके कंधे पर इंजरी साफ नजर आई। इसकी वजह से दावा किया जा रहा है कि ‘किंग’ में अब देरी हो सकती है और इसे 2027 तक ले जाया जा सकता है।
वैसे सूत्रों के अनुसार ये फिल्म अगले साल अक्टूबर में रिलीज होने वाली थी। यह एक एक्शन से भरपूर फिल्म है, इसलिए फिल्म की टीम भी शाहरुख की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती। शाहरुख इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं और वे खुद भी जोखिम नहीं उठाना चाहते। बता दें कि ‘किंग’ एक मल्टी स्टारर फिल्म है, जिसमें शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना, अभिषेक बच्चन, सौरभ शुक्ला, जयदीप अहलावत सहित कई सितारे नजर आएंगे। पहले फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष कर रहे थे, लेकिन बाद में सिद्धार्थ आनंद को ये जिम्मेदारी सौंपी गई।
इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न के लिए पहुंचे आमिर खानसुपरस्टार आमिर खान इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2025 का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं। इस इवेंट की शुरुआत भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ हुई, जिसमें आमिर ने IFFM का हिस्सा बनने को लेकर उत्साह जताया। इस मौके पर आमिर के साथ वीर दास, तिलोत्तमा शोम, जिम सर्भ, अदिति राव हैदरी, जयदीप अहलावत, जाने-माने फिल्ममकार शूजीत सरकार, अश्विनी अय्यर तिवारी, सितारे जमीन पर के डायरेक्टर आरएस प्रसन्ना, गायिका लिसा मिश्रा और मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा मौजूद थे।
इसके अलावा ‘बख्शो बॉन्डी’ फिल्म की डायरेक्टर तनुश्री दास और उनकी टीम के कलाकार भी मौजूद रहे, क्योंकि यह फिल्म फेस्टिवल की ओपनिंग नाइट फिल्म के तौर पर पेश की जा रही है। आमिर ने कहा कि मेलबर्न आकर बहुत अच्छा लग रहा है। इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न का हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश हूं। यह सिनेमा का एक बेहतरीन मंच है जो लोगों और संस्कृतियों को जोड़ता है। मुझे यकीन है कि इस फेस्टिवल में शामिल होने वाले सभी फिल्में और फिल्मकार एक शानदार अनुभव लेकर जाएंगे।
फेस्टिवल डायरेक्टर मीतू भोमिक लांगे ने अपनी खुशी जताते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम आमिर जैसे दिग्गज, शूजीत सरकार और अश्विनी अय्यर तिवारी जैसे कहानीकार, और ऐसे कलाकारों की मेजबानी कर रहे हैं जिनका अभिनय दुनियाभर के दर्शकों को छू जाता है। विक्टोरियन सरकार के समर्थन और इतने प्रतिष्ठित मेहमानों की मौजूदगी इस फेस्टिवल को न सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव बनाती है, बल्कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को मजबूत करने वाला पुल भी है।