सुपरस्टार शाहरुख खान (59) को पिछले दिनों ‘जवान’ में उनकी शानदार परफोरमेंस के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवार्ड मिला था। तीन दशक से ज्यादा लंबे करिअर में कई पुरस्कार हासिल कर चुके शाहरुख के खाते में पहली बार यह उपलब्धि आई है। दरअसल शाहरुख ने करीब 5 साल के लंबे अंतराल के बाद साल 2023 में दमदार वापसी की थी। शाहरुख ने उसी साल एक के बाद एक जवान, पठान और डंकी जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपना जादू चलाया। अब फैंस को उनकी अगली फिल्म किंग का बेसब्री से इंतजार है, जिसमें शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी हैं।
इस बीच शाहरुख ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (ट्विटर) पर 16 अगस्त को #AskSRK सेशन चलाया। उनके एक फैन ने पूछा, “राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद आप कैसा महसूस कर रहे हैं? राष्ट्रीय पुरस्कार या जनता का प्यार?” उन्होंने जवाब दिया, “वाह!!!!! मैं देश के राजा जैसा महसूस कर रहा हूं!!! इतना सम्मान और इतनी जिम्मेदारी कि आगे बढ़ने के लिए मुझे कड़ी मेहनत करना है!!” एक और प्रशंसक ने उनकी जीत का जश्न मनाते हुए एक भावुक स्लाइड शो पोस्ट किया। यह देख शाहरुख ने जवाब में लिखा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। शुक्रिया!!!”
इस दौरान एक फैन ने उन्हें सलाह देते हुए कहा, “भाई अब उम्र हो गई है, रिटायरमेंट ले लो। दूसरे बच्चे लोगों को आगे आने दो।” इस पर शाहरुख ने जवाब दिया, “भाई तेरे सवालों का बचपना जब चला जाए, फिर कुछ अच्छा सा पूछना। तब तक टेम्पररी रिटायरमेंट में रह प्लीज।” एक दूसरे फैन ने पूछा, “कौनसी चोट ज्यादा तकलीफ देती है, जिम की चोट या ट्विटर पर ट्रॉल पढ़ना?” इस पर शाहरुख ने लिखा, डंबल और एक्शन मेरी हड्डियां तोड़ सकते हैं लेकिन शब्द मुझे कभी चोट नहीं पहुंचा सकते। मैं अपने दिल के संगीत को सुनने में बहुत बिजी हूं यार।”
सुपरस्टार ने बताया शूटिंग शेड्यूल्स के बीच अपना वक्त कैसे बिताते हैंएक फैन ने पूछा, “आपकी अगली फिल्म कब आ रही है?” इस पर शाहरुख ने जवाब दिया, “कुछ अच्छे शॉट किए हैं। जल्द ही फिर से शुरू करूंगा। सिर्फ लेग शॉट होंगे, फिर ऊपरी बॉडी के शॉट होंगे। इंशाअल्लाह जल्दी खत्म हो जाएगा। सिद्धार्थ आनंद इसे पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।” जब फैंस ने शाहरुख से पूछा कि वो शूटिंग शेड्यूल्स के बीच अपना वक्त कैसे बिताते हैं, तो उन्होंने खुलकर बताया। उन्होंने कहा, “आजकल…बस फिजियोथेरेपी करता हूं…थोड़ी बहुत किताबें पढ़ता हूं…‘किंग’ की लाइनों की प्रेक्टिस करता हूं…और बहुत सारा सोता हूं।”
जब एक फैन ने मजाकिया अंदाज में शाहरुख से पूछा कि क्या वो सेट पर कभी नखरे दिखाते हैं, तो किंग खान का मज़ेदार जवाब सबका दिल जीत गया। उन्होंने हंसते हुए कहा, “सेट पर मुझे नखरे दिखाने ही नहीं दिए जाते। अब ‘किंग’ में तो और भी कम, क्योंकि डायरेक्टर बहुत ही सख्त और डिसिप्लिन्ड हैं।” आखिर में शाहरुख ने अपने किंग स्टाइल में फैंस को छेड़ते हुए फिल्म के टाइटल की याद दिलाई। उन्होंने लिखा, “बस किंग…नाम तो सुना होगा?” बता दें शाहुरुख पहले भी कई बार फैंस के लिए ऐसे सेशन चला चुके हैं।