33 साल के करियर में पहली बार मिला नेशनल अवॉर्ड, शाहरुख खान ने बांहे फैलाकर कही यह बात

बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान को उनके 33 साल लंबे फिल्मी करियर में पहली बार नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया है। 2023 में आई निर्देशक एटली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ में उनकी दमदार परफॉर्मेंस के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड उन्होंने विक्रांत मैसी के साथ साझा किया, जिन्हें ‘12वीं फेल’ में उनके प्रेरणादायक किरदार के लिए यह सम्मान मिला है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद शाहरुख ने एक इमोशनल वीडियो शेयर किया जिसमें उनका हाथ प्लास्टर में नजर आया। वीडियो में उन्होंने भारत सरकार, चयन समिति, अपनी टीम, प्रशंसकों और अपने परिवार का दिल से आभार जताया।

वीडियो संदेश में झलका आभार और भावुकता

अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करते हुए शाहरुख ने लिखा: राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के लिए मैं आभारी हूं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, जूरी और भारत सरकार को धन्यवाद। मुझे आप सभी के स्नेह और सराहना ने भावविभोर कर दिया है। आज सभी को एक ‘आधा हग’।” वीडियो में उनकी आंखों में खुशी और नम्रता दोनों झलक रही थी। उन्होंने कहा, “कहने की जरूरत नहीं कि मैं बेहद विनम्रता और कृतज्ञता से भरा हुआ हूं। इस अवॉर्ड को जीवन भर सहेज कर रखूंगा।”

निर्देशकों और लेखकों के प्रति जताया खास आभार


उन्होंने अपने निर्देशन और लेखन टीम का भी नाम लेकर शुक्रिया अदा किया।

“मैं 2023 में मेरे साथ काम करने वाले सभी निर्देशकों और लेखकों का धन्यवाद करना चाहता हूं। विशेष रूप से एटली सर और उनकी पूरी टीम का, जिन्होंने 'जवान' में मुझे एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का मौका दिया और मुझ पर भरोसा जताया।” शाहरुख ने अपने मैनेजमेंट और कोर टीम का भी ज़िक्र करते हुए कहा, “ये वही लोग हैं जो मेरी हर सनक, हर बेसब्री को झेलते हैं और मेरे साथ लगातार काम करते हैं ताकि मैं हर बार और बेहतर दिख सकूं।”
परिवार को समर्पित किया सम्मान

अपने परिवार के बिना इस सफर को अधूरा मानते हुए शाहरुख ने कहा, “यह पुरस्कार मेरी पत्नी और बच्चों के समर्थन व स्नेह के बिना असंभव था। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने मुझे बेहद प्रेम और देखभाल दी, जैसे कि मैं उनका छोटा बच्चा हूं।” उन्होंने यह भी माना कि फिल्मी जुनून के कारण परिवार से दूरी बनी रहती है, लेकिन उनके निरंतर समर्थन ने उन्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने दिया।

नेशनल अवॉर्ड: सिर्फ ट्रॉफी नहीं, एक जिम्मेदारी

इस मौके पर शाहरुख ने एक बेहद गहरा विचार साझा करते हुए कहा, “यह पुरस्कार केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि एक संकेत है कि मेरा काम मायने रखता है। यह मुझे प्रेरित करता है कि मैं लगातार रचना करता रहूं, मेहनत करता रहूं और सच्चाई को पेश करता रहूं।” उन्होंने आगे कहा, “शोरगुल भरी दुनिया में अगर आपकी आवाज सुनी जाती है तो यह बहुत बड़ी बात है। यह पुरस्कार मुझे याद दिलाता है कि एक कलाकार होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है कि मैं परदे पर सच्चाई को पेश करूं। यह एक सम्मान नहीं, एक कर्तव्य की तरह है।”

फैंस को समर्पित किया ‘आधा पोज’

वीडियो के अंत में शाहरुख ने अपने फैंस को सीधे संबोधित किया और कहा, “आपकी चीयर, आपकी आंसुओं भरी आंखें, आपकी स्क्रीनशॉट्स और आपकी हर प्रतिक्रिया मेरे लिए अनमोल है। यह अवॉर्ड आप सभी का है।” अपने सिग्नेचर पोज की याद दिलाते हुए बोले,“मैं अपनी दोनों बाहें फैला कर आपको धन्यवाद कहना चाहता था, लेकिन फिलहाल एक ही हाथ से ही सही… रेडी? जल्द ही थिएटर में मुलाकात होगी—पॉपकॉर्न तैयार रखिए।”

'जवान' और उसका स्टारकास्ट

शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित ‘जवान’ एक पावरफुल एक्शन-ड्रामा थी, जिसमें सामाजिक संदेश भी पिरोया गया था। इस फिल्म में शाहरुख के अलावा नयनतारा, विजय सेतुपति, सान्या मल्होत्रा और सुनील ग्रोवर ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। फिल्म को ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बना ली।