टीम इंडिया ने रविवार रात दुबई में खेले गए एशिया कप (टी20 टूर्नामेंट) के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा खिताब पर कब्जा जमाया। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान से चल रही तनातनी के बीच इस जीत ने पूरे देश को जश्न मनाने का बड़ी वजह दे दी। यूं तो भारत ने पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर में तगड़ा मजा चखाया था, लेकिन खेल के मैदान पर भी लगातार तीन बार पड़ोसी देश को धूल चटाकर उसकी बोलती बंद कर दी। भारत की जीत से आम और खास हर किसी का चेहरा खिल गया है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय क्रिकेट टीम को अलग-अलग अंदाज में बधाई दे अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से टीम इंडिया की विनिंग फोटो शेयर कर एक प्यारे से कैप्शन के साथ टीम को बधाई दी। एक्टर रणवीर सिंह ने भी जीत के बाद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें वो मैच जीतने से पहले किसी को चैट पर बताते हुए नजर आए कि आज तिलक वर्मा का दिन है। एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने लिखा, “वाह क्या खेल था। एशिया कप जीतने के लिए टीम इंडिया को बधाई। इस रोमांचक जीत के लिए तिलक, शिवम और कुलदीप को धन्यवाद दूंगी।” रितेश देशमुख ने कहा, “माथे पर तिलक जय हिंद।”
विवेक ओबेरॉय ने कहा, “सामने कोई भी हो, भारत तिलक लगाकर ही घर भेजेगा। इस तरह का मैच हमें याद दिलाता है कि इंडिया क्यों मजबूत है, कुलदीप को उनके 4 विकेटों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने इस मैच का रुख पलट दिया और तिलक का क्या 50 रन था! बेहद खूबसूरत लोग। एशिया चैंपियंस होने पर गर्व है!” अनिल कपूर ने लिखा, “भारत जिंदाबाद।” साउथ इंडियन एक्टर विजय देवरकोंडा ने तिलक वर्मा की तारीफ करते हुए लिखा, “इंडियाआआआआआ। हमारे लड़के ने कमाल कर दिया।” मॉलीवुड के मेगास्टार ममूटी ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “टीम इंडिया ने एशिया कप सिर्फ जीता ही नहीं, बल्कि उस पर कब्जा भी कर लिया। बिना एक भी हार के चैंपियन, बेहद शानदार!
अमिताभ बच्चन ने लिखा, बहुत अच्छा खेला ‘अभिषेक बच्चन’…उधर जबान लड़खड़ाई…अमिताभ बच्चन ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “T 5516(i)-जीत गए। बहुत अच्छा खेला ‘अभिषेक बच्चन’…उधर जबान लड़खड़ाई और इधर, बिना बैटिंग बॉलिंग फील्डिंग किए, लड़खड़ा दिया दुश्मन को। बोलती बंद। जय हिन्द! जय भारत! जय मां दुर्गा।” अमिताभ ने रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर पर तंज कसा है।
अख्तर ने कहा था, “अगर पाकिस्तान किसी काल्पनिक स्थिति में अभिषेक बच्चन को जल्दी आउट कर देता है, तो मिडिल ऑर्डर का क्या होगा? उनके मिडिल ऑर्डर ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है।” इसमें वो अभिषेक शर्मा की जगह अभिषेक बच्चन बोल गए थे। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वे भारत की जीत पर बेहद खुश नजर आए। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “भारत माता की जय! क्या बात है। वाकई में क्या जबरदस्त गेम था। मुझे अपने भारत और क्रिकेट टीम पर गर्व है।”
अर्जुन रामपाल ने इंस्टाग्राम पर भारत-पाकिस्तान मैच की यादगार तस्वीरें और वीडियो शेयर किए।उन्होंने लिखा, “हमारी युवा टीम शानदार है। उन्होंने पूरे जुनून और आत्मविश्वास के साथ खेला। इन युवा खिलाड़ियों ने खेल को और भी सुंदर बनाया। नीली जर्सी वाली टीम को बधाई। भारत को बधाई। क्या कमाल का टूर्नामेंट खेला। #IndiaChampionsAsiaCup2023 #AsiaCup2025”