करीब एक दशक पहले पंजाब में बढ़ते नशे को टारगेट करते हुए फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ बनाई गई थी। फिल्म में शाहिद कपूर ने लीड रोल प्ले किया था। अब फिल्म के दूसरे पार्ट यानी सीक्वल को लेकर खबर आ रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो दिग्गज फिल्ममेकर एकता कपूर की अगुआई में ‘उड़ता पंजाब 2’ बनने की तैयारी है। पिछली बार की तरह इस बार भी फिल्म में शाहिद ही मुख्य हीरो रहेंगे। जल्द ही इस खबर पर कंफर्मेशन भी आ सकती है। फिल्म एकता के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनेगी।
फिल्म के लेखन और निर्देशन का काम आकाश कौशिक के हाथ में सौंपा गया है। इस फिल्म में साथ काम करने को लेकर दोनों काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। अभी लेखनी का काम चल रहा है। उम्मीद है कि फिल्म की शूटिंग साल 2026 में शुरू की जा सकती है। एक बार जब स्क्रिप्ट फाइनल हो जाएगी तो फिल्म की कास्ट पर विचार किया जाएगा। एकता की इच्छा है कि पिछली बार की तरह इस बार भी शाहिद ही फिल्म के लीड एक्टर बनें। इस बारे में एकता ने शाहिद से शुरुआती डिस्कसन कर भी लिया है लेकिन अभी औपचारिक बातचीत बाकी है।
सीक्वल की कहानी एकदम अलग होगी लेकिन प्लॉट पिछले पार्ट की तरह ही ड्रग्स एंगल पर ही केंद्रित होगा। बता दें ‘उड़ता पंजाब’ साल 2016 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसके डायरेक्टर अभिषेक चौबे थे। फिल्म 30 करोड़ के बजट में बनी थी। फिल्म का भारत में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 60 करोड़ और वर्ल्डवाइड 90 करोड़ रुपए से ज्यादा का रहा था। इसमें दिलजीत दोसांझ, आलिया भट्ट और करीना कपूर खान के भी अहम रोल थे।
आयशा टाकिया के पति फरहान आजमी पर लगा लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप‘वांटेड’ फेम एक्ट्रेस आयशा टाकिया के पति फरहान आजमी के खिलाफ गोवा में 3 मार्च को केस दर्ज हुआ है। फरहान कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और रोड रेज की घटना को लेकर फंसे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फरहान पर गोवा के कैंडोलिम एरिया में तेज गाड़ी चलाने और फिर स्थानीय लोगों के साथ रोड पर झड़प करने का आरोप है। अब आयशा ने पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है।
आयशा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ नोट शेयर कर बताया है कि गोवा में उनके परिवार के साथ डरावनी घटना हुई और उनके बेटे व पति को बेरहमी से धमकाया गया और बदसलूकी की। लोकल गुंडों ने उनकी कार को घेर लिया और रात को घंटों तक धमकाया और प्रताड़ित किया। जब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी तो उल्टा पति पर ही केस हो गया। गोवा में महाराष्ट्र के प्रति नफरत बहुत ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि उन्होंने बार-बार फरहान और मेरे बेटे को महाराष्ट्र से होने और बड़ी कार रखने के लिए कोसा।
मेरे पति ने ही लगभग 150 लोगों की बड़ी भीड़ को देखकर मदद के लिए 100 नंबर डायल किया था, लेकिन बदले में फरहान के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। मेरे पास सबूत के तौर पर वीडियो प्रूफ और सीसीटीवी फुटेज हैं। बता दें आयशा ने साल 2009 में समाजवादी पार्टी विधायक अबू आजमी के बेटे फरहान आजमी से निकाह किया था। फरहान बिजनेसमैन हैं।