शाहिद ने ‘कबीर सिंह’ को लेकर किया यह खुलासा, आयुष्मान ने विक्की-कैटरीना का रिश्ता किया कंफर्म! शेफाली...

कबीर सिंह को शाहिद कपूर के करियर की सबसे हिट फिल्मों में से एक माना जाता है। शाहिद ने अपनी इस सफलता के बाद उन मेकर्स को अप्रोच किया जिनकी फिल्मों ने भारी-भरकम बिजनेस किया था। इसका खुलासा शाहिद ने मंगलवार (23 नवंबर) को जर्सी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान किया। शाहिद ने कहा कि कबीर सिंह की रिलीज के बाद मैं बेगर्स (भिखारियों) की तरह मेकर्स के पास गया। मैंने उन सभी मेकर्स से संपर्क किया जिनकी फिल्मों ने 200 से 250 करोड़ का बिजनेस किया था। मैं कभी इस क्लब का हिस्सा नहीं रहा, यह मेरे लिए काफी नया था। जब वाकई में मेरी फिल्म ने इतने कमाए, तो मुझे नहीं पता चल पा रहा था कि मैं कहां जाऊं, किससे बात करूं।

आप कह सकते हैं कि जर्सी अप्रोच किए जाने के दौरान मेरी पूरी कोशिश यही रही कि मैं इस फिल्म को न करूं। हालांकि डायरेक्टर गौतम को पूरा क्रेडिट जाता है कि उन्होंने पेशेंस दिखा मेरा इंतजार किया। अब मैं बहुत खुश हूं कि मैं इस मास्टरपीस का हिस्सा बना। मैं गर्व से कहता हूं कि अब तक की यह मेरी बेस्ट फिल्म है। वैसे जर्सी मुझे कबीर सिंह से पहले ऑफर हुई थी। कबीर सिंह की रिलीज के दो हफ्ते पहले मैंने जर्सी (तेलुगु फिल्म) देखी थी और मैं बाल्टीभर रोया। मैं, मेरी मैनेजर और मीरा भी थीं, दोनों मुझे रोते देख हैरान हो गई थीं। जर्सी तेलुगु फिल्म की रीमेक है। जर्सी में शाहिद रिटायर क्रिकेटर की भूमिका में हैं।
चंडीगढ़ करे आशिकी फिल्म के प्रमोशन में जुटे हैं आयुष्मान

पिछले कुछ समय से कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी की खबरें सुर्खियों में हैं। कहा जा रहा है वे 7 से 12 दिसंबर के बीच राजस्थान के सवाई माधोपुर में सात फेरे लेंगे। हालांकि अभी तक दोनों पक्षों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच एक्टर आयुष्मान खुराना ने रिश्ते पर मुहर लगा दी है। आयुष्मान इन दिनों अपनी फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी का प्रमोशन कर रहे हैं। उनसे एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि वे कैटरीना को किस तरह की डेट पर ले जाएंगे, तो वे काफी देर तक सोचने लगे।

इस पर रिपोर्टर ने कहा-जल्दी सोचो वरना वो किसी और के साथ चली जाएंगी। इस पर आयुष्मान ने कहा-वो जा चुकी हैं। सुनो, मैं उनकी तरह डांस नहीं कर सकता। मैं नहीं जानता यार, कैटरीना कैफ, लेकिन हां, विक्की एक पंजाबी है, इसलिए मुझे यकीन है कि कुछ पंजाबी कनेक्ट जरूर है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कैटरीना-विक्की का 5 नवंबर को कबीर खान के घर पर रोका हो गया था।


वक्त फिल्म में अक्षय की मां बनी थीं शेफाली शाह, बोलीं...

एक्ट्रेस शेफाली शाह इन दिनों अपने एक इंटरव्यू को लेकर काफी सुर्खियों में हैं जिसमें उन्होंने एक उम्र के बाद मिलने वाले किरदारों के बारे में खुलकर बात की है। शेफाली ने ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में एक निश्चित उम्र के बाद महिलाओं को केवल मां-चाची की भूमिकाओं के ऑफर होते हैं जबकि 50 साल के पुरुष मुख्य भूमिकाएं निभाना जारी रखते हैं। मैं वर्ष 2005 में जब फिल्म वक्त में अक्षय कुमार की मां बनी थी, तब मेरी उम्र करीब 28 साल थी। इसके बाद मैंने फैसला किया कि अगर मुझे मनचाहे रोल नहीं मिलेंगे तो में काम नहीं करूंगी और घर पर बैठूंगी।

शेफाली जल्द ही जंगली पिक्चर्स की कॉमेडी ड्रामा फिल्म डॉक्टर जी में नजर आने वाली हैं। इसमें आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह भी हैं। इसका निर्देशन अनुभूति कश्यप कर रही हैं। इसके अलावा शेफाली, जसमीत रीन के निर्देशन में बन रही कॉमेडी ड्रामा फिल्म डार्लिंग्स में अहम रोल प्ले करती नजर आएंगी। इसमें आलिया भट्ट और विजय वर्मा लीड रोल में हैं।