Video : ‘भूत पुलिस’ मूवी का नया गाना रिलीज, अर्जुन बिजलानी-स्मिता दहल इस गाने से मचा रहे धूम

सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडीस की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत पुलिस' 17 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है। इसका ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस में उत्सुकता बढ़ गई है। अब इस फिल्म का रोमांटिक गाना मुझे प्यार प्यार है… रिलीज किया गया है। इस गाने में अर्जुन कपूर और यामी गौतम की जबरदस्त केमिस्ट्री है। अर्जुन ने इस गाने का लिंक अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए शेयर किया है। यामी और अर्जुन का लुक बेहद खास नजर आ रहा है। गाने को खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माया गया है। ये पहला मौका है जब अर्जुन और यामी की जोड़ी ऑनस्क्रीन साथ में दिख रही है।

इस गाने को अरमान मलिक, श्रेया घोषाल और सचिन जिगर ने आवाज दी है। संगीत भी सचिन जिगर ने दिया है तो गीतकार प्रिया सरैया हैं। हाल ही में इस फिल्म का गाना 'आई आई भूत पुलिस' रिलीज हुआ था। गाना रिलीज होते ही अर्जुन कपूर ने इसे अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। इसमें जैकलीन का ग्लैमरस अंदाज भी देखने को मिला।

अर्जुन और स्मिता ने इबादत बन गए हो…में जमाया रंग

टीवी स्टार अर्जुन बिजलानी और नेपाल की लोकप्रिय गायिका स्मिता दहल अपने चाहने वालों के लिए एक रोमांटिक नंबर लेकर आए हैं। नेपाल म्यूजिक इंडस्ट्री में अपना काफी नाम बना चुकीं स्मिता ने अब बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री की ओर कदम बढ़ाए हैं। स्मिता और अर्जुन बिल्कुल फ्रेश जोड़ी है और वे पहली बार एक साथ नजर आ रहे हैं। गाना इबादत बन गए हो… रिलीज हो गया है और युवा वर्ग इसे काफी पसंद कर रहा है। नेपाल के राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली स्मिता एक जानी-मानी गायिका हैं। इस गाने की धुन शबाब साबरी और स्मिता ने दी है, जिसका निर्देशन राजीव एस रुइया ने किया है। संगीत शबाब साबरी ने दिया है और के-आर वाही ने लिखा है।