निर्देशक मोहित सूरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म सैयारा ने रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। मात्र नौ दिनों में 200 करोड़ रुपये की कमाई के आंकड़े को पार कर चुकी यह फिल्म अब 250 करोड़ के करीब पहुंचने की ओर है। साल 2025 में आई तमाम बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए सैयारा अब छावा जैसी ब्लॉकबस्टर को टक्कर देने की तैयारी में है। फिल्म के निर्माता और थिएटर मालिक अब एक ऐसी रणनीति पर काम कर रहे हैं जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सैयारा बहुत जल्द 500 करोड़ क्लब में भी एंट्री कर सकती है।
तो आखिर क्या हैं वो 5 बड़े कारण जो सैयारा को बना सकते हैं 500 करोड़ क्लब का हिस्सा?
1. ट्रेड एनालिस्ट्स का भरोसामशहूर फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने जब फिल्म ने 150 करोड़ का आंकड़ा पार किया, तब ही भविष्यवाणी कर दी थी कि यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ की सीमा पार कर लेगी। उनके अनुसार, फिल्म न केवल 300 करोड़ की ओर अग्रसर है बल्कि यह भी मुमकिन है कि 400 करोड़ का आंकड़ा भी छू ले। तरण ने खास तौर पर भारत में घरेलू कमाई के संदर्भ में ये अनुमान जताया था। अगर ट्रेंड यूं ही बना रहा तो सैयारा की वर्ल्डवाइड ग्रोथ 500 करोड़ तक पहुंचना कोई असंभव सपना नहीं है।
2. मेकर्स की व्यावसायिक रणनीति और स्क्रीन विस्तारफिल्म की व्यूअरशिप को बढ़ावा देने के लिए इसके शो और स्क्रीन की संख्या में भारी इज़ाफा किया गया है। पहले सप्ताह में फिल्म 2225 स्क्रीन पर चल रही थी, जिसे अब बढ़ाकर 3650 स्क्रीन कर दिया गया है। यानी स्क्रीन काउंट में लगभग 60% से ज्यादा की बढ़ोतरी, जिसका असर सीधे-सीधे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर दिखना तय है। इससे फिल्म को ज्यादा दर्शक, ज्यादा शो और ज्यादा कमाई का बड़ा मौका मिलेगा।
3. प्रतिस्पर्धा की कमी से मिलेगा फायदाहाल ही में रिलीज़ हुई साउथ की 'हरि हर वीरमल्लु' और हॉलीवुड की 'फैंटास्टिक फोर' जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ पाईं। इसका फायदा सैयारा को सीधे तौर पर मिल रहा है। इसके साथ ही अगले हफ्ते तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही, जिससे सैयारा को कम से कम अगले 5 दिन तक खुला मैदान मिला हुआ है। 'सन ऑफ सरदार 2' और 'धड़क 2' की रिलीज़ से पहले तक यह फिल्म कमाई के नए कीर्तिमान गढ़ सकती है।
4. ब्लॉकबस्टर टैग और दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रियाकरीब 60 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 8 दिनों में ही 281.75 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई कर डाली है। अगर नौंवे दिन की घरेलू कमाई जोड़ दें, तो यह आंकड़ा 300 करोड़ के पार पहुंच जाता है। इसका मतलब है कि फिल्म ने अपने बजट का पांच गुना रिटर्न दे दिया है। फिल्म को मिल रही पॉजिटिव वर्ड-ऑफ-माउथ और सोशल मीडिया पर मिल रही वाहवाही इसे लंबे समय तक दर्शकों के बीच बनाए रखेगी।
5. लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिकने की उम्मीदपिछली सुपरहिट फिल्म छावा ने लगभग 11 हफ्ते थिएटर में बिताए थे। वहीं हाउसफुल 5 और सितारे जमीन पर जैसी बड़ी फिल्मों का प्रदर्शन भी 5 हफ्तों तक जारी रहा था। ऐसे में यह पूरी संभावना है कि सैयारा भी हफ्तों तक सिनेमाघरों में टिकी रहेगी, जिससे इसकी कुल कमाई को 500 करोड़ के पार पहुंचाना संभव हो जाएगा।