आंखों की गुस्ताखियां : शनाया की डेब्यू मूवी को लेकर भावुक हुए पिता संजय कपूर, वीडियो वायरल, फिल्म का ट्रेलर भी देखें

संजय कपूर ने अपने बड़े भाई अनिल कपूर की जैसे एक्टिंग को ही अपना करिअर बनाया। यूं तो संजय को अनिल जितना नेम और फेम हासिल नहीं हुआ लेकिन फिर भी वे फैंस के दिलों में जगह बनाने में सफल रहे। संजय के खाते में कुछ हिट फिल्में भी हैं। बहरहाल हम बात कर रहे हैं संजय की बेटी शनाया कपूर की। शनाया ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलने का फैसला किया और वह एक्टिंग की दुनिया में धूम मचाने को तैयार हैं। मंगलवार (1 जुलाई) को शनिया की डेब्यू फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां' का ट्रेलर लॉन्च हुआ।

इस इवेंट के दौरान जब मीडिया और मेहमानों के सामने मंच पर आने का मौका आया, तो शनाया के पिता संजय अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और भावुक हो गए। संजय पत्नी महीप कपूर के साथ इवेंट में पहुंचे थे। संजय ने बताया कि बेटी की पहली फिल्म की रिलीज से वे बेहद घबराए हुए हैं। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें संजय कहते दिखते हैं, “मैं पिछले 30 सालों से इंडस्ट्री में हूं, लेकिन आज जितना नर्वस हूं, उतना कभी नहीं रहा। इससे पहले कि मेरे आंसू निकल जाएं…शुक्रिया।”

इसके बाद पूरे हॉल में तालियां गूंज उठीं। शनाया पीले रंग की कोर्सेट साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि फिल्म के हीरो विक्रांत मैसी फॉर्मल ब्लैक सूट में नजर आए। महीप ने भी बेटी के इस खास दिन पर स्टेज पर साथ खड़े होकर गर्व जताया। फिल्म के डायरेक्टर संतोष सिंह हैं और इसे मानसी बागला ने लिखा है। यह फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। कहानी लेखक रस्किन बॉंड की प्रसिद्ध लघुकथा ‘द आईज हेव इट’ पर आधारित है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार शनाया इससे पहले करण जौहर की फिल्म ‘बेधड़क’ से डेब्यू करने वाली थीं, लेकिन वह प्रोजेक्ट बीच में ही बंद हो गया। शनाया की अगली फिल्म ‘तू या मैं’ होगी। इसमें वह एक्टर आदर्श गौरव के साथ नजर आएंगी।
‘आंखों की गुस्ताखियां’ के ट्रेलर में नजर आई शनाया और विक्रांत की शानदार केमिस्ट्री

‘आंखों की गुस्ताखियां’ के ट्रेलर की बात करें तो इसमें एक प्यारी सी लव स्टोरी दिखाई गई है, जिसमें प्यार, मस्ती और फिर बिछड़ने की कहानी देखने को मिलती है। शुरुआत में दिखाया गया है कि शनाया की आंखों पर काली पट्टी बंधी है तो विक्रांत ने काला चश्मा पहना हुआ है। शनाया, विक्रांत को थप्पड़ मारती हैं। इस पर विक्रांत हैरानी से पूछते हैं, ‘तुम पागल हो क्या?’ फिर शनाया माफी मांगती हैं और दोनों की बातचीत शुरू होती है। वे ट्रेन में साथ सफर करते हैं, गाते हैं और धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आने लगते हैं।

लेकिन एक ऐसा वक्त भी आता है, जब उनके रिश्ते में दरार आ जाती है। क्या उन्हें अपना प्यार वापस मिलेगा या कहानी में कोई ट्विस्ट होगा, ये तो फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा। यह फिल्म जी स्टूडियोज और मिनी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत की गई है और मंसी बागला, वरुण बागला और ओपन विंडो फिल्म्स ने इसे प्रोड्यूस किया है। विक्रांत के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो साल 2023 में आई ‘12वीं फेल’ से वे स्टार बन गए। उनकी पिछली फिल्म ‘द साबरमती एक्सप्रेस’ थी, जो पिछले साल रिलीज हुई थी। विक्रांत दमदार अदाकारी के दम पर छोटे पर्दे के बाद बड़े पर्दे पर भी जादू कर रहे हैं।