2 News : संजय और मान्यता ने एक-दूसरे को यूं की 17वीं एनिवर्सरी विश, इन्होंने किया रणवीर और समय को सपोर्ट

एक्टर संजय दत्त और मान्यता दत्त की शादी को आज मंगलवार (11 फरवरी) को 17 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर एक-दूसरे के लिए प्यार का इजहार किया। मान्यता ने इंस्टाग्राम पर दिल छू लेने वाली पोस्ट शेयर की है। मान्यता ने लिखा, “जब आप किसी को सच में प्यार करते हैं, तो आप उन्हें दो बार प्यार करते हैं! जब हम पहली बार ‘आई लव यू’कहते हैं, तो हम उनकी खूबसूरती, अंदाज, खुशबू और आवाज से आकर्षित होते हैं। लेकिन कुछ समय बाद, हम उनके असली व्यक्तित्व से रूबरू होते हैं, उनकी आदतें, मूड स्विंग्स और सोचने का तरीका।

तब भी अगर आप उसी इंसान को दोबारा चुनते हैं, तो यही सच्चा प्यार होता है। यह प्यार स्थायी, मजबूत और अमर होता है। आई लव यू संजय दत्त, मेरे सबसे प्यारे और कभी-कभी परेशान करने वाले जीवनसाथी।” संजय ने भी इस खास मौके पर पत्नी के लिए प्यार भरा मैसेज शेयर कर इमोशन जाहिर किए। संजय ने लिखा, “हैप्पी एनिवर्सरी मा! मेरी जिंदगी में आने और हमेशा एक चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद। मेरे जीवन में खुशी और हमारे बच्चों शहरान और इकरा को देने के लिए भी शुक्रिया।

हम जल्द ही फिर से एक साथ नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। बहुत सारा प्यार!” फैंस और सेलेब्स भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस कपल को विश कर रहे हैं। संजय और मान्यता के दो जुड़वा बच्चे शाहरान और इकरा हैं, जो 14 साल के हो चुके हैं। संजय 65 साल के जबकि मान्यता उनसे 19 साल छोटी 46 साल की हैं। यह संजय की तीसरी शादी है। संजय के काम की बात करें तो वे जल्द ही 'बागी 4' में नजर आने वाले हैं। इसमें वे टाइगर श्रॉफ के साथ नजर आएंगे। फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
उर्फी जावेद ने रणवीर और समय के बचाव में लिखी यह पोस्ट

यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया फिलहाल समय रैना के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो के चलते विवादों में घिरे हुए हैं। उन्होंने माता-पिता के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसके चलते भारी बवाल मचा हुआ है। नेटिजंस ने उनके कमेंट्स की कड़ी निंदा की और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस बीच अपने अजीबोगरीब फैशन सेंस के लिए सुर्खियों में रहने वालीं उर्फी जावेद ने रणवीर और समय का सपोर्ट किया है।

उनका मानना है कि ‘बीयरबाइसेप्स’ के कमेंट बहुत गंदे थे, लेकिन इस तरह की टिप्पणियों के लिए उन्हें जेल भेजना सही नहीं होगा। ‘बिग बॉस ओटीटी 1’ का हिस्सा रहीं उर्फी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर करते हुए लिखा, “कुछ लोग आपको पसंद नहीं आते, उनकी कही या की गई बातें आपको नहीं पसंद आतीं, लेकिन क्या आप उनसे इसके लिए जेल जाने की मांग कर रहे हैं? क्या आप सीरियस हैं? मुझे नहीं पता।

समय एक दोस्त है, मैं उसका साथ देती हूं, लेकिन पैनल के बाकी लोगों ने भी जो कहा वो अप्रिय था। हां, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे इसके लिए जेल जाने के लायक हैं।” इस पूरे विवाद पर रणवीर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी। शो के मेकर्स ने उस खास एपिसोड को समय के यूट्यूब चैनल से हटा दिया है।