साउथ इंडियन स्टार ऋषभ शेट्टी की मचअवेटेड फिल्म ‘कातांरा चैप्टर 1’ के लिए फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। इसने गुरुवार (2 अक्टूबर) को दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक दी। फिल्म ने रिलीज होते ही धमाका कर दिया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म को मिले जबरदस्त रिस्पोंस को देखते हुए लगता है कि ये आगे चलकर कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ेगी। यह प्रभास की मूवी ‘बाहुबली 2’ से भी आगे निकल सकती है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। बॉलीवुड और साउथ के स्टार्स भी मूवी के बारे में बात कर रहे हैं।
इस बीच ‘एनिमल’ के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म का रिव्यू किया है। संदीप ने मूवी की तारीफ की और ऋषभ की एक्टिंग को सराहा। संदीप ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “कांतारा चैप्टर 1 एक सच्चा मास्टरपीस है। भारतीय सिनेमा में पहले ऐसा कुछ नहीं देखा गया। यह सिनेमाई तूफान है। ऋषभ शेट्टी ने इसे अकेले दम पर बनाया और निभाया। बीजीएम के लिए @AJANEESHB को खास तारीफ।” इस बीच फिल्म के निर्देशक और अभिनेता ऋषभ ने सोशल मीडिया पर अपने दिल की बात साझा की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान की कृपा, दर्शकों के प्यार और समर्थन को दिया।
ऋषभ ने लिखा, “2016 में अपने पहले शो के लिए हाथ जोड़कर थिएटर वालों से विनती करनी पड़ी थी और आज 2025 में मेरी फिल्म को 5000+ हाउसफुल शो मिले हैं। यह सब केवल आपके प्यार, समर्थन और भगवान की कृपा से संभव हुआ है।” ऋषभ ने साल 2016 में अपनी पहली फिल्म ‘रिक्की’ रिलीज की थी, लेकिन उस समय उन्हें मंगळुरु में एक शो के लिए थिएटर मालिकों से हाथ-पैर जोड़ने पड़े। उस वक्त उनके ट्वीट में लिखा था, “पैर पकड़कर और हाथ जोड़कर निवेदन करने के बाद मुझे बिग सिनेमा मंगळुरु में सिर्फ एक शो मिला है। इच्छुक लोग कृपया देखें।”
स्क्रीनिंग के दौरान भावुक हुईं ऋषभ शेट्टी की पत्नी प्रगति का वीडियो वायरलसिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई थी जिसमें ऋषभ की पत्नी प्रगति शेट्टी इमोशनल हो गईं। ‘कांतारा’ को मिले प्यार को देखकर प्रगति की आंखों में आंसू आ गए। प्रगति को रोता देखकर ऋषभ उन्हें संभालते हुए नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल वीडियो में ऋषभ वहां मौजूद लोगों से मिल रहे रिस्पोंस से खुश होकर ऑडियंस का शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक ऐसा मूमेंट आया जब उनकी पत्नी इमोशनल होती नजर आईं। शुरुआत में वह ऋषभ को पीछे से हग करते रोती नजर आईं।
इसके बाद ऋषभ ने उन्हें हग किया और संभालते दिखे। बता दें यह मूवी साल 2022 में आई ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है। फिल्म के लिए ऋषभ ने बहुत मेहनत की है। उन्होंने फिल्म को ग्रैंड बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ‘कांतारा चैप्टर 1’ तुलु नाडु के गुलिगा दैव और भूत कोला की ऐतिहासिक कहानी को दिखाती है। यह फिल्म कदंब वंश के समय पर बेस्ड है, जिसमें कांतारा के आदिवासी इलाके और बांगरा साम्राज्य के बीच की दुश्मनी दिखाई गई है।
फिल्म में एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंथ, जयाराम, गुलशन देवैया जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म को कन्नड़ के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी में भी रिलीज किया गया है। इसके साथ सिनेमाघरों में वरुण धवन और जान्हवी कपूर की ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ भी रिलीज हुई है।