एक्टर व फिल्ममेकर अरबाज खान और एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान ने भले ही अभी फिल्मी दुनिया में कदम नहीं रखा है, लेकिन वे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अरहान ‘डंब बिरयानी’ के नाम से यूट्यूब पर पॉडकास्ट लेकर आते हैं। इसमें अरबाज, मलाइका, उनके चाचा सोहेल खान, ओरी समेत और भी कई स्टार्स शिरकत कर चुके हैं। अब जल्द ही अरहान के ताऊ सुपरस्टार सलमान खान भी इसमें नजर आएंगे। इसका टीजर रिलीज हो गया है। सलमान पहली बार किसी पॉडकास्ट में हिस्सा ले रहे हैं। टीजर में सलमान की कुछ पुरानी वीडियो क्लिप्स हैं।
एक क्लिप में सलमान और अरहान एक-दूसरे के साथ मस्ती कर रहे हैं। इसके बाद पॉडकास्ट में सलमान अपने भतीजे अरहान और उनके दोस्तों से बातचीत करते हैं। सलमान उन्हें सलाह देते हुए बोलते हैं, “आपको बस अपने दोस्तों और परिवार के लिए हमेशा मौजूद रहना है। आपको जो कोशिश करनी है वो लगातार करते रहिए। मैं खुद से जिस तरह बात करता हूं, अगर उसको लेकर मैं आपको सलाह दूं तो आप मुझसे नफरत करोगे, क्योंकि मैं खुद से बहुत कठोरता से बात करता हूं। आप एक इंसान को एक बार, दो बार माफ कर सकते हैं, लेकिन तीसरी बार, चलो खल्लास।”
सलमान ने यह टीजर शेयर करते हुए लिखा, “मैंने एक साल पहले इन लड़कों से बातचीत की थी। मुझे नहीं लगता है कि उन्हें मेरी सलाह याद भी होगी। पॉडकास्ट में मेरा पहला अपीयरेंस जल्द ही ‘डंब बिरयानी’ पर आने वाला है।” बता दें कि ‘डंब बिरयानी’ एक पॉडकास्ट सीरीज है, जिसे अरहान, देव रैयानी और अरुश वर्मा होस्ट करते हैं। यह उनके यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
सलमान के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म साल 2023 की दिवाली पर आई ‘टाइगर 3’ थी। इसमें एक बार फिर से उनकी जोड़ी कैटरीना कैफ के साथ जमी थी। फिलहाल सलमान अपनी आगामी फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग में बिजी हैं। यह मूवी ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें सलमान के अपोजिट रश्मिका मंदाना हैं। इसके डायरेक्टर एआर मुरुगदास और प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला हैं।
कॉमेडियन सुदेश लहरी ने अर्चना पूरन सिंह के यूट्यूब चैनल पर की खुलकर बातएक्टर सुदेश लहरी की पहचान फेमस कॉमेडियन के रूप में हैं। सुदेश हाल ही में अर्चना पूरन सिंह के यूट्यूब शो में पहुंचे। सुदेश ने इस दौरान निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें शेयर कीं। सुदेश ने एक घटना को याद करते हुए बताया कि मैं पेरिस में गा रहा था और सब कुछ ठीक चल रहा था, तभी एक शराबी स्टेज पर आया। उसने मेरी कॉलर पकड़ ली और मुझे जोर से थप्पड़ मारा। इस वजह से मेरा माइक गिर गया। यह बहुत अपमानजनक था। इस दौरान मुझे रोना आ रहा था, लेकिन मेरे आंसू नहीं निकल रहे थे।
मेरे साथ के संगीतकार ने अपनी ड्रम स्टिक निकाल ली, लेकिन मैंने उन्हें रोक दिया। फिर मैं अपनी पत्नी के पास घर आया और उनसे कहा कि मैं अब शादियों में परफॉर्म नहीं करूंगा। मैंने अपना घर बेच दिया और जिन लोगों से उधार लिया था उन्हें वापस कर दिया। मैंने सोचा कि हम किराये के मकान में रहेंगे। मैं अपना नाम कमाना चाहता था ताकि लोग मेरा सम्मान करें।
फिर मुझे मेरी पहली फिल्म मिली और मैंने दुनिया घूमी। सुदेश ने बचपन से ही गरीबी देखी। सुदेश ने यह भी बताया कि वो बचपन में कभी स्कूल नहीं गए। इस वजह से उन्होंने कई तरह के छोटे-मोटे काम किए, जैसे कि चाय की दुकान, दूसरी दुकानों में काम करना, मजदूरी करना आदि। इसके बाद वे इवेंट्स और शादियों में परफॉर्म करने लगे।