बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। हाल ही में छात्रों के आंदोलन और सोनम वांगचुक को लेकर की गई उनकी पोस्ट चर्चा का विषय बनी थी। अब शनिवार सुबह उन्होंने जिम में वर्कआउट के बाद अपनी नई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में उनका फिट और ट्रांसफॉर्म्ड लुक देखने को मिल रहा है। तस्वीरों के साथ लिखा गया उनका रहस्यमयी कैप्शन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। यही वजह है कि उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
जिम मिरर सेल्फी में दिखाया शानदार ट्रांसफॉर्मेशनसलमान खान द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में वह जिम के अंदर मिरर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। उन्होंने शर्ट और टैंक टॉप हटाकर अपनी फिट फिजीक, रिप्ड एब्स और मजबूत बाइसेप्स फ्लॉन्ट किए। लंबे समय बाद उनका इतना लीन और टोंड अवतार देखकर फैंस भी काफी उत्साहित नजर आए।
इन तस्वीरों के साथ सलमान ने कैप्शन में लिखा, सलमान खान डर गया...। इसके बाद उन्होंने आगे लिखा, हम्मम... जो डर गया, वो मर गया...। उनके इस कैप्शन ने इंटरनेट पर नई चर्चा छेड़ दी है। कई सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि अभिनेता ने यह लाइन अपने आलोचकों को जवाब देने के अंदाज में लिखी है, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
फैंस बोले- 'टाइगर वापस आ गया'सलमान खान की पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, टाइगर इज बैक। वहीं दूसरे ने कमेंट किया, भाई से पंगा नहीं लेना चाहिए। कई लोगों ने उनकी फिटनेस और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ करते हुए उन्हें कड़क बताया।
एक अन्य फैन ने लिखा, डरते तो सब आपसे हैं। जबकि किसी ने कहा, लगता है भाई किसी बड़े धमाके की तैयारी में हैं। सलमान की नई तस्वीरों और कैप्शन को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
कैप्शन का मतलब क्या है? बढ़ी अटकलेंसलमान खान ने अपनी पोस्ट में यह नहीं बताया कि उन्होंने ऐसा कैप्शन किस संदर्भ में लिखा है। यही वजह है कि उनके प्रशंसक और सोशल मीडिया यूजर्स इसके अलग-अलग मतलब निकाल रहे हैं। कोई इसे उनकी आगामी फिल्म से जोड़ रहा है तो कोई इसे आलोचकों के लिए अप्रत्यक्ष जवाब मान रहा है। हालांकि अभिनेता की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सोनम वांगचुक के समर्थन में भी आए थे नजरसलमान खान हाल ही में उस समय भी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की थी। उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी सराहना मिली थी और कई लोगों ने उनके इस कदम की तारीफ की थी।
उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET 2026 पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था। इसके बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर लिखा था, सोनम, अब बहुत हो गया ब्रो, इसे और आगे मत बढ़ाइए। जरूरत पड़े तो इस लड़ाई को किसी और दिन के लिए बचाकर रखिए और कुछ खा लीजिए। अगर चाहें तो मैं अपने घर से खाना भी भेज दूंगा। उनकी यह अपील इंटरनेट पर काफी वायरल हुई थी।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खानवर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों निर्देशक वामशी पैदिपल्ली की अगली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म का उनके प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म में सलमान खान पहली बार अभिनेत्री नयनतारा के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। उनकी फिटनेस को देखकर फैंस का मानना है कि वह अपनी अगली फिल्म के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुके हैं।