2 News : गणपति विसर्जन में सोनाक्षी-जहीर के साथ झूमे सलमान, लेह में 17 साल बाद फिर फंसे माधवन

सुपरस्टार सलमान खान हर साल की तरह इस बार भी गणेशोत्सव के रंग में रंगे हुए हैं। सलमान ने 27 अगस्त को अपने पूरे परिवार और दोस्तों के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया। सलमान ने इसका वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वे और उनके परिवार के लोग गणपति की आरती करते नजर आ रहे थे। अब सलमान गणपति विसर्जन के दौरान ढोल की थाप पर जमकर थिरकते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सलमान के साथ एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति जहीर इकबाल भी जमकर झूमते नजर आए।

दोनों ने सलमान के साथ डांस कर माहौल को और ज्यादा ऊर्जा से भर दिया। इंस्टाग्राम पर सामने आए एक वीडियो में सलमान की बहन अर्पिता खान और उनके पति आयुष शर्मा तथा परिवार के दूसरे सदस्य गणपति बप्पा की अंतिम आरती करते हुए दिखाई दिए। परिवार ने परंपरा और भक्ति के साथ बप्पा को विदाई दी। इससे पहले सलमान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वे अपनी मां सलमा खान, पिता सलीम खान, भाई अरबाज खान और बहन अलवीरा अग्निहोत्री संग आरती करते नजर आए।

बता दें सलमान का परिवार हर साल इस उत्सव को न सिर्फ धार्मिक आस्था से जोड़ता है बल्कि इसमें बॉलीवुड के करीबी दोस्तों और सहकर्मियों को भी शामिल करता है। सलमान के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे इन दिनों अपनी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में बिजी हैं। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। इसमें चित्रांगदा सिंह को पहली बार सलमान के साथ काम करने का मौका मिल रहा है। इस फिल्म को अपूर्व लाखिया डायरेक्ट कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक सलमान इसमें कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का रोल निभाएंगे। सलमान की पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ थी, जिसने पूरी तरह से निराश किया। सलमान रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ भी होस्ट कर रहे हैं।
लेह में जारी है भारी बारिश, माधवन ने इंस्टा स्टोरी पर बताया अपना अनुभव

मशहूर एक्टर आर माधवन इन दिनों लेह में हैं और यहां एक मुसीबत में फंस गए। माधवन ने खुद यह जानकारी दी है। माधवन ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वे बारिश में फंस गए हैं और इससे पहले भी जब वे यहां आए थे तो ऐसी ही समस्या में फंस गए थे। इन दिनों लेह में भारी बारिश के चलते बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जिसके चलते हवाई यात्राएं प्रभावित हैं। बारिश और बर्फबारी में कई लोग फंसे हुए हैं। माधवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लेह की एक खूबसूरत सी तस्वीर साझा की, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “लेह में एक बार फिर फंस गया। कोई फ्लाइट्स नहीं...17 साल बाद फिर वही बारिश।”

इसके साथ उन्होंने ढेर सारी इमोजी भी पोस्ट की है। एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें माधवन अपने कमरे की खिड़की से बाहर की ठंडी, बर्फीली वादियों का नजारा दिखा रहे हैं। उन्होंने वीडियो में कहा, “अगस्त का अंत हो चुका है, और लद्दाख की पहाड़ियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। मैं यहां फंसा हुआ हूं क्योंकि पिछले चार दिनों से भारी बारिश हो रही है और एयरपोर्ट्स बंद पड़े हैं। हर बार जब मैं शूटिंग के लिए लद्दाख आता हूं, कुछ न कुछ ऐसा हो ही जाता है।” माधवन आखिरी बार साल 2008 में लेह पहुंचे थे, जहां उन्हें पैंगोंग झील में ‘3 इडियट्स’ की शूटिंग करनी थी।

उनके साथ इस फिल्म में आमिर खान, करीना कपूर और शरमन जोशी जैसे कलाकार थे। यह फिल्म सुपरहिट रही थी। माधवन ने उम्मीद जताई की जल्दी ही हालात ठीक होंगे और वे अपने घर वापस जा पाएंगे। माधवन के वर्कफ्रंट की बात करें तो पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्म 'आप जैसा कोई' में दिखे थे। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस फातिमा सना शेख लीड रोल में थीं। अब माधवन मल्टीस्टारर मूवी 'धुरंधर' में नजर आएंगे, जो 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।