सलमान खान को सांप ने काटा, इलाज करा फार्म हाउस लौटे, वाणी कपूर ने रणबीर को बताया डाउन टू अर्थ…

एक दिन बाद सोमवार (27 दिसंबर) को 56 साल के होने जा रहे सुपर स्टार सलमान खान के साथ एक हादसा घटित हो गया। सलमान को शनिवार रात सांप ने काट लिया। यह घटना रात करीब 3 बजे की है। तब सलमान अपने पनवेल स्थित फार्म हाउस पर थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और रविवार सुबह छुट्टी मिल गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सलमान को जिस सांप ने काटा, वह जहरीला नहीं था। सलमान को नवी मुंबई के कामोठे में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद सुबह करीब 9 बजे उन्हें छुट्टी दे दी गई और वे वापस फार्म हाउस लौट आए हैं। वे वहीं स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सलमान अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ छुटिटयां मनाने फार्म हाउस आए थे।

सोशल मीडिया पर फैंस सलमान के जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक होने की कामना कर रहे हैं। इस घटना के बाद माना जा रहा है कि सलमान शायद हर बार की तरह बड़े स्तर पर जन्मदिन न मना सकें। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। सलमान का फार्म हाउस काफी बड़ा है, जिसके आस-पास काफी घने जंगल भी हैं। सलमान इसके पास पहले भी सांप दिखाई दिए थे, जिसके बाद उन्होंने इसकी देख-रेख करने वालों को सावधानी बरतने की हिदायत दी थी।


शमशेरा में साथ काम कर रहे है वाणी और रणबीर

एक्ट्रेस वाणी कपूर का मानना है कि एक्टर रणबीर कपूर डाउन टू अर्थ और बेहद शालीन व्यक्ति हैं और उनके मन में उनके लिए काफी सम्मान है। वाणी इन दिनों रणबीर के साथ फिल्म 'शमशेरा' में काम कर रही हैं। वाणी ने कहा कि रणबीर के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। रणबीर एक ऐसे को-एक्टर हैं, जिनके अंदर कोई घमंड नहीं है और न ही वे किसी स्टार की तरह व्यवहार करते हैं। वे एकदम सामान्य, डाउन टू अर्थ, बेहद शालीन व्यक्ति हैं।

उनके साथ काम करते हुए कभी ऐसा नहीं लगता है जैसे उनके साथ स्टारडम जु़ड़ा हुआ हो। मुझे लगता है कि मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है और यकीनन मैं उनका काम और उनकी फिल्में देखना पसंद करती हूं। उल्लेखनीय है कि शमशेरा 19वीं सदी के एक डकैत जाति की कहानी है, जो अधिकारों के लिए अंग्रेजों से भिड़ जाते हैं। फिल्म में संजय दत्त भी अहम रोल में हैं।