हाल ही में इंटरनेट की दुनिया में बड़ी हलचल मची जब सिनेमाई परदे के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सलमान खान और ऋतिक रोशन एक साथ परदे पर दिखाई दिए। इन दोनों को विज्ञापनी परदे पर एक साथ लाने का श्रेय हिन्दी सिनेमा को सुल्तान, मेरे ब्रदर की दुल्हन, टाइगर जिंदा है, भारत और बड़े मियां छोटे मियां सरीखी फिल्में देने वाले अली अब्बास जफर को जाता है। अली अब्बास जफर इन दोनों सितारों को सॉफ्ट ड्रिंक डूय के विज्ञापन में एक साथ लेकर आए हैं। इस विज्ञापन ने परदे पर आते ही तहलका मचा दिया है।
गौरतलब है कि सलमान और ऋतिक, YRF Spy Univers के दो बड़े सितारे हैं। इन दोनों को लेकर आदित्य चोपड़ा वॉर और एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है और टाइगर-3 का निर्माण कर चुके हैं। इनमें से अली अब्बास जफर ने सलमान खान की टाइगर सीरीज की दूसरी फिल्म को निर्देशित किया था। इस एड फिल्म में दोनों एक जबरदस्त एक्शन पैक्ड मिशन पर नजर आ रहे हैं। यह जोड़ी पहली बार एक साथ आई, तो फैंस खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर जल्द ही स्पाई यूनिवर्स क्रॉसओवर की मांग तेज हो गई।
सलमान खान ने इस एड का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें दोनों सुपरस्टार्स एक दमदार रेस्क्यू मिशन पर दिखाई दे रहे हैं। इस एड ने फैंस को इतना एक्साइटेड कर दिया कि उन्होंने तुरंत सलमान और ऋतिक की एक फिल्म की मांग कर डाली। एक यूजर ने लिखा, टाइगर और कबीर सीक्रेट मिशन पर एक साथ! वहीं दूसरे ने कहा, सलमान और ऋतिक को एक साथ एक्शन फिल्म में देखना चाहिए!
फिल्म के लिए एटली को किया गया टैग!इतना ही नहीं, कई प्रशंसकों ने हिन्दी सिनेमा की पहली कॉमर्शियल एक हजार करोड़ी फिल्म देने वाले निर्देशक एटली को टैग करते हुए आग्रह किया कि वह अपनी अगली फिल्म में ऋतिक को सलमान के अपोजिट कास्ट करें। गौरतलब है कि कुछ समय पहले तक एटली सलमान खान को लेकर पुनर्जन्म पर आधारित एक बड़ी भव्य एक्शन फिल्म बनाने की योजना बना रहे थे, जिसमें वे सलमान खान के साथ रजनीकांत या कमल हासन को लेने का प्रयास कर रहे थे। समाचार तो यहाँ तक आए कि इस फिल्म के लिए एटली को रजनीकांत की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन फिर अचानक से यह फिल्म डिब्बाबंद हो गई। कहा गया एटली की इस फिल्म पर किसी भी स्टूडियो ने पैसा लगाने की मंजूरी नहीं दी। समाचारों में कहा गया कि एटली ने दक्षिण के कई बड़े नामी स्टूडियो से बात की थी लेकिन बात बनी नहीं।
जब से यह विज्ञापन हवा में लहराया है तब से यह कहा जा रहा है कि एटली को बतौर निर्देशक लेकर आदित्य चोपड़ा अपनी स्पाई यूनिवर्स के इन दो बड़े सितारों का क्रॉस ओवर करवाते हुए एक बड़ी भव्य एक्शन फिल्म को मूर्त रूप दे सकते हैं। आदित्य हमेशा से बड़े सितारों के साथ बड़ी फिल्में बनाने के जाने जाते हैं। उन्हें अपने सितारों के लिए पैसा लगाने में कभी कोई हिचक नहीं रही है।