सलीम खान के बर्थडे पर दिखा परिवार, सुहाना खान का दिल टूटा! पंकज ने शुरू की ‘शेरदिल’ फिल्म की शूटिंग

बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान के पिता और हिंदी फिल्मों के प्रख्यात लेखक सलीम खान का बुधवार (24 नवंबर) को 86वां जन्मदिन था। सलीम ने जन्मदिन परिवार के साथ सेलिब्रेट किया। जश्न की एक खूबसूरत फोटो सलमान ने देर रात अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की। इसमें सलीम खान सोफे पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ एक तरफ सलमान की मां सलमा और दूसरी तरफ अरबाज खान बैठे हुए हैं। घर के बाकी सदस्य सोफे के पीछे खड़े हुए हैं, इनमें सोहेल खान, बहन अलवीरा, फिर हेलेन और अर्पिता खान नजर आ रहे हैं। अर्पिता के साथ उनका बेटा आहिल शर्मा और उनके साथ सलमान खड़े हुए हैं।

सलमान ने गोद में भांजी आयत को लिया हुआ है। सलीम खान के आगे टेबल पर केक भी रखा है। पापा को बर्थडे विश करते हुए सलमान ने लिखा, जन्मदिन मुबारक हो डैड। सलमान परिवार से बेहद प्यार करते हैं। सलमान आमतौर पर सोशल मीडिया पर फैमिली के साथ पिक्चर शेयर करते रहते हैं या फिर उन्हें रिश्तेदारों के साथ समय बिताते भी देखा जाता है। पिछले दिनों उन्होंने भांजी के साथ बंदर को केले व बिस्किट खिलाते हुए फोटो शेयर की थी। अब 26 नवंबर को उनकी फिल्म अंतिम : द फाइनल ट्रुथ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें सलमान के साथ उनके बहनोई आयुष शर्मा का भी अहम रोल है।


न्यूयॉर्क छोड़ भारत लौट सकती हैं शाहरुख की बेटी सुहाना

सुपरस्टार शाहरुख खान की बेटी सुहाना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। सुहाना अपनी फोटो और वीडियो शेयर करती रहती हैं। उनकी हर पोस्ट पर फैंस खूब प्यार लुटाते हैं। सुहाना की लेटेस्ट फोटो देखकर लग रहा है कि वे न्यूयॉर्क छोड़ रही हैं। सुहाना ने अपने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की है। इसके कैप्शन में उन्होंने कुछ नहीं लिखा और सिर्फ टूटे हुए दिल का इमोजी बनाया है। सुहाना ने चलते हुए ट्रक की एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की है।

इस पर लिखा है, 'चिंता मत करो। भले ही आप न्यूयॉर्क छोड़ दें, आप हमेशा न्यूयॉर्कर रहेंगे।' फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रही है। सुहाना साल 2019 में न्यूयॉर्क गई थी और वो वहां पर पढ़ाई कर रही थीं। सुहाना अक्सर कॉलेज की लाईब्रेरी तो कभी घर की तस्वीरों की फोटो अपलोड करती हैं। कुछ समय पहले हैलोवीन पार्टी की फोटो में वे ब्लू ड्रेस पहने काफी स्टनिंग लग रही थीं।


सत्य घटना पर आधारित है शेरदिल, पंकज ने की डायरेक्टर की तारीफ

अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अक्षय कुमार के साथ ओएमजी के मचअवेटेड सीक्वल को पूरा करने के बाद अब श्रीजीत मुखर्जी की अगली फिल्म शेरदिल की शूटिंग शुरू कर दी है। उनके साथ अभिनेता नीरज काबी और सयानी गुप्ता भी हैं। शेरदिल की शूटिंग 2020 में शुरू होनी थी, लेकिन इसे महामारी के कारण टाल दिया गया था। पंकज कहते हैं कि श्रीजीत एक शानदार निर्देशक हैं। उन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। उनका काम बोलता है। जब मुझे शेरदिल की पेशकश की गई, तो मैं काफी उत्साहित हुआ। कहानी का अपने आपमें एक निश्चित चरित्र है।

यह खूबसूरती से लिखी गई स्क्रिप्ट है और श्रीजीत पर भरोसा है कि वे हर किरदार को मजबूती से जीवंत करेंगे। यही उनकी खूबी है। फिल्म का निर्माण रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी-सीरीज द्वारा सह-निर्मित किया जा रहा है। फिल्म पीलीभीत टाइगर रिजर्व में हुई एक वास्तविक जीवन की घटना से प्रेरित है, जहां ग्रामीण अपने बुजुर्ग परिवार के सदस्यों को बाघों के शिकार के लिए छोड़ देते थे और फिर प्रशासन से मुआवजे का दावा करते थे।