एक्ट्रेस अनीत पड्डा और एक्टर अहान पांडे की फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह रोमांटिक ड्रामा लोगों को काफी पसंद आ रहा है। ऐसे में फिल्म की जबरदस्त कमाई जारी है। फिलहार हर ओर अनीत और अहान की बातें हो रही है। फैंस उनसे जुड़ी हर बात जानना चाह रहे हैं। अब वे उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच अनीत के अगले प्रोजेक्ट को लेकर खबर सामने आई है, जो एक वेब सीरीज है। यह सीरीज ओटीटी पर स्ट्रीम होगी। बता दें कि सीरीज ‘सैयारा’ से पहले ही शूट कर ली गई थी और पहले से ही पाइपलाइन में थी।
बिजी शेड्यूलिंग के कारण रिलीज का समय बदल गया और ‘सैयारा’ पहले रिलीज हो गई। अनीत का अगला स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट 'न्याय' है, जिसे नित्या मेहरा और उनके पति करण कपाड़िया ने डायरेक्ट किया है। सोर्स के मुताबिक अनीत भले ही YRF के लिए बड़े पर्दे की हीरोइन है। लेकिन अभिनेत्री ने 'सैयारा' से पहले 'न्याय' को साइन किया था और शूट भी। अनीत को जेन जैड के लिए नया चेहरा बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार 'न्याय' की कहानी एक युवा लड़की की होगी जो एक प्रभावशाली धार्मिक नेता द्वारा यौनशोषण का शिकार होती है और उसके खिलाफ अदालत में लड़ाई लड़ती है।
इस सीरीज में अनीत एक 17 वर्षीय पीड़िता की भूमिका निभा रही हैं, जो न सिर्फ सामाजिक दबाव से जूझती है बल्कि कानूनी पचड़ों से भी लड़ती हैं। वहीं फातिमा सना शेख एक संवेदनशील पुलिस अधिकारी के किरदार में होंगी और अर्जुन माथुर एक वकील की भूमिका निभा रहे हैं जो न्याय की इस लड़ाई में एक अहम मोड़ लाएंगे। बहरहाल ‘सैयारा’ की बात करें तो इसमें अनीत एक युवा लेखिका वाणी बत्रा का किरदार निभा रही हैं, जो अल्जाइमर रोग से पीड़ित है, जबकि अहान एक स्ट्रगलिंग म्यूजिशियन कृष कपूर की भूमिका में हैं। यह कहानी प्रेम और यादों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का संगीत मिथुन, तनिष्क बागची, सचेत-परंपरा, विशाल मिश्रा, फहीम अब्दुल्ला और अर्सलान निजामी ने तैयार किया है।
दीपिका पादुकोण का नाम ‘द शिफ्ट’ की ‘90+ वुमन शेपिंग कल्चर’ नामक वैश्विक सूची मेंशामिलएक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई है। उन्हें ‘द शिफ्ट’ की ‘90+ वुमन शेपिंग कल्चर’ नामक वैश्विक सूची में शामिल किया गया है। इस लिस्ट में सेलेना गोमेज, एंजेलिना जोली, बिली इलिश, अमल क्लूनी और जोया अख्तर जैसी मशहूर हस्तियां भी हैं। यह लिस्ट उन महिलाओं को सम्मान देती है जो दुनियाभर में अपने काम, सोच, रचनात्मकता और सामाजिक प्रभाव से लोगों की सोच और संस्कृति को आकार देती है। इस बार इस सूची में 91 साल की फेमिनिस्ट आइकन ग्लोरिया स्टाइनम को भी खास सम्मान दिया गया है।
दीपिका ने आज रविवार (27 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर यह खुशी साझा करते हुए लिखा, “91 साल की ग्लोरिया स्टाइनम को श्रद्धांजलि देते हुए, द शिफ्ट हमारे भविष्य को आकार देने वाली 90 आवाजों को सम्मानित कर रहा है। इस सम्मान के लिए आभारी हूं #TheShiftIsOn” दीपिका का असर सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर उनके काम की वजह से भी उन्हें वैश्विक पहचान मिली है।
उनके Live Love Laugh Foundation ने भारत और दुनियाभर में मेंटल हेल्थ पर बातचीत को आगे बढ़ाया है। दीपिका जल्द ही एक बड़ी एक्शन फिल्म में नजर आएंगी, जिसके डायरेक्टर एटली हैं। इसे सन पिक्चर्स प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में दीपिका के साथ अल्लू अर्जुन भी नजर आएंगे। इसके अलावा दीपिका ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में भी वापसी करेंगी। इसका निर्माण दिसंबर में शुरू होगा।