बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम से हुई। इस खास आयोजन में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और तकनीकी टीम के साथ फिल्म जगत, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान अभिनेता यश ने रणबीर कपूर के अभिनय की खुलकर सराहना की, जबकि निर्देशक नितेश तिवारी ने भी फिल्म में सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी की जमकर तारीफ की। इसी मौके पर साई पल्लवी ने भी खुलकर बताया कि माता सीता जैसे दिव्य किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए उन्होंने किस तरह खुद को मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार किया।
सीता का किरदार मिलना मेरे लिए सौभाग्य था: साई पल्लवीकार्यक्रम में जब साई पल्लवी से पूछा गया कि 'रामायण' में माता सीता की भूमिका निभाने का अनुभव उनके लिए कैसा रहा, तो उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे विशेष अवसर बताया। उन्होंने कहा कि किसी देवी का किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी भरा होता है। ऐसा किरदार केवल अभिनय से नहीं, बल्कि पूरी टीम की निष्ठा और समर्पण से जीवंत बनता है।
साई पल्लवी ने कहा कि उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि उन्होंने इस भूमिका को चुना है, बल्कि यह भूमिका स्वयं उनके जीवन में आई और वह इसे अपना सौभाग्य मानती हैं। उनके अनुसार, ऐसे किरदार की तैयारी केवल तकनीकी या अभिनय के स्तर पर नहीं की जा सकती, बल्कि इसके लिए भीतर से जुड़ना जरूरी होता है। उन्होंने बताया कि वह अक्सर ध्यान लगाकर माता सीता से प्रार्थना करती थीं कि उनके माध्यम से वही भाव और अभिव्यक्ति सामने आए, जो इस किरदार के लिए उचित हो।
रोल की तैयारी के लिए अपनाया आत्मिक और मानसिक अनुशासनसाई पल्लवी ने यह भी साझा किया कि इस भूमिका को निभाने के दौरान उन्होंने अपने विचारों और जीवनशैली को जितना संभव हो सके, सकारात्मक और शुद्ध बनाए रखने की कोशिश की। उनका मानना था कि यदि मन शांत और निष्पक्ष रहेगा, तभी वह इस पवित्र किरदार के साथ न्याय कर पाएंगी।
उन्होंने कहा कि वह लगातार इस बात का ध्यान रखती थीं कि उनके मन में किसी प्रकार का नकारात्मक विचार न आए। इसी मानसिक संतुलन और आत्मिक अनुशासन ने उन्हें माता सीता के भावों को समझने और उन्हें स्वाभाविक रूप से पर्दे पर उतारने में मदद की। उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं, बल्कि आस्था और जिम्मेदारी से जुड़ा अनुभव था।
नितेश तिवारी बोले- रणबीर और साई में दिखते हैं राम और सीताफिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने भी मंच से रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अभिनय की दिल खोलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार की सच्चाई उसकी आंखों में दिखाई देती है और उन्हें रणबीर कपूर की आंखों में भगवान राम तथा साई पल्लवी की आंखों में माता सीता की झलक साफ नजर आती है।
नितेश तिवारी ने कहा कि उन्हें अपने किरदारों के लिए जिन भावनाओं, ईमानदारी और पवित्रता की तलाश थी, वह दोनों कलाकारों में सहज रूप से दिखाई दी। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें कभी रणबीर कपूर और साई पल्लवी नहीं दिखे, बल्कि हर दृश्य में केवल राम और सीता ही नजर आए। निर्देशक के इन शब्दों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी और बढ़ गई।