‘RRR’ का गाना रिलीज, कार्तिक ने शेयर किया ‘धमाका’ का प्रोमो, इस जगह रिलीज होगी ‘बॉब बिस्वास’

'बाहुबली' फेम डायरेक्टर एसएस राजामौली एक और बिग बजट मूवी पेश करने को तैयार हैं। राजामौली 'आरआरआर' मूवी को लेकर चर्चा में बने हुए है। दर्शक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आज 'आरआरआर' का पहला गाना 'नाचो नाचो' रिलीज हो गया। इसमें साउथ के दो सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और रामचरण जमकर थिरकते और एक दूसरे से कदम से कदम मिलाकर डांस करते दिख रहे हैं। गाना रिलीज होते ही यूट्यूब पर छा गया। गाने के बोल बेहद शानदार हैं। इसे हिंदी में भी रिलीज किया गया है।

गाने की जानकारी शेयर करते हुए रामचरण ने लिखा- “इस मास बीट पर डांस करने से खुद को नहीं रोक सकते हैं। 'आरआरआर' मास एंथम मेरे भाई जूनियर एनटीआर के साथ। ये गाना रिलीज हो गया है।” पिछले दिनों 'आरआरआर' का टीजर रिलीज किया गया था। इसमें जूनियर एनटीआर, रामचरण और अजय देवगन युद्ध के मैदान में दिखे थे। आलिया भट्ट की भी एक झलक दिखाई गई थी। फिल्म 7 जनवरी 2022 को रिलीज होगी। राजामौली ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया था।

19 नवंबर को रिलीज होने जा रही है कार्तिक आर्यन की धमाका

चॉकलेटी हीरो की इमेज रखने वाले एक्टर कार्तिक आर्यन की आगामी फिल्म धमाका से एक पत्रकार के रूप में उनका लुक सभी का ध्यान आकर्षित कर रहा है। अब कार्तिक ने फिल्म का एक प्रोमो साझा किया है और न्यूज रिपोर्टर अर्जुन पाठक के रूप में उनका अवतार उनके संदेश के साथ सीधे आपके दिल में उतर जाएगा। कार्तिक ने अपने सोशल मीडिया पर शॉर्ट प्रोमो साझा करते हुए लिखा,Kuchh paane ke liye Kitna kuchh khone ko taiyaar ho aap!! #Dhamaka #19Nov #ArjunPathak.

कार्तिक ने इस इंटेंस और रोमांचक प्रोमो के साथ फिल्म की रिलीज के प्रति और उत्सुकता पैदा कर दी है। राम माधवानी की इस थ्रिलर मूवी में कार्तिक लवर बॉय अवतार से प्रभावित करने के लिए तैयार हैं। धमाका 19 नवंबर से सिनेमाघरों में दस्तक देगी। कार्तिक के आगामी प्रोजेक्ट में कैप्टन इंडिया, भूल भुलैया 2, अगली, फ्रेडी और शहजादा भी हैं।


शाहरुख खान के प्रोडक्शन की फिल्म है ‘बॉब बिस्वास’

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने वर्ष 2019 में अपने प्रोडक्शन की फिल्म 'बॉब बिस्वास' का ऐलान किया था। इसमें अभिषेक बच्चन हीरो हैं। इसे बाउंड स्क्रिप्ट प्रोडक्शन और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित किया जा रहा है। अब रिपोर्ट की मानें तो 'बॉब बिस्वास' जी5 पर रिलीज होगी। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बॉब बिस्वास' की स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जी5 पर होगी। फिल्म सीधे जी5 पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

फिल्म की टीम ने सौदा तय कर लिया है और मेकर्स रिलीज की तारीख तय करने की प्रक्रिया में हैं। निर्देशक दीया घोष इस फिल्म के साथ डेब्यू कर रही हैं। इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। दिसंबर में इसकी शूटिंग खत्म हो गई थी। यह पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज में है। यह सुजॉय घोष की 2012 की थ्रिलर फिल्म 'कहानी' से संबंधित है और यह उसकी स्पिन ऑफ फिल्म है।