Kantara Chapter 1: पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 4 करोड़ से अधिक की कमाई, बेंगलुरु में दिखा सबसे ज़बरदस्त क्रेज

ऋषभ शेट्टी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ ने अपने पहले ही दिन की एडवांस बुकिंग में जबरदस्त धमाका किया है। 2022 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ के इस प्रीक्वल की एडवांस बुकिंग शनिवार सुबह शुरू होते ही दर्शकों का जबरदस्त रुझान देखने को मिला। ऋषभ शेट्टी इस बार भी न सिर्फ लीड रोल निभा रहे हैं बल्कि निर्देशन की कमान भी उन्होंने ही संभाली है। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है और इसमें ऋषभ के साथ रुक्षमिणी वसंत और गुलशन देवैया जैसे प्रतिभाशाली कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, पहले दिन की एडवांस बुकिंग में ‘कांतारा: चैप्टर 1’ ने भारत में ₹4.71 करोड़ की कमाई की है। यह कलेक्शन सभी भाषाओं में मिलाकर हुआ है। सिर्फ कर्नाटक से ही ₹3.92 करोड़ का कलेक्शन दर्ज हुआ है। अकेले बेंगलुरु में इसने ₹3.43 करोड़ की एडवांस बुकिंग की, जबकि मैसूरु में ₹40.84 लाख और मैंगलुरु में ₹20.89 लाख की कमाई हुई है। देशभर में फिल्म के लिए 906 शोज़ रखे गए हैं, जिनमें अकेले PVR मल्टीप्लेक्स चैन के तहत बेंगलुरु के 15 थिएटर्स में 183 शो शामिल हैं।

फिल्म की एडवांस बुकिंग की सफलता के पीछे एक बड़ा कारण है टिकट प्राइस को लेकर हालिया विवाद। कर्नाटक सरकार के उस आदेश को हाई कोर्ट ने स्थगित कर दिया है, जिसमें टिकट कीमत ₹200 तक सीमित रखने की बात कही गई थी। इसके बाद अब बेंगलुरु में मल्टीप्लेक्स थिएटरों में नॉन-प्रिमियम सीट्स की कीमत ₹320 से ₹400 तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि यहां पहले दिन, पहले शो (FDFS) के टिकट ₹2,000 तक में बिकते रहे हैं। हालांकि इस बार विवाद के चलते पहले दिन के टिकट अपेक्षाकृत सामान्य दरों पर बिके, जिससे अधिक से अधिक दर्शक थिएटरों की ओर आकर्षित हुए।

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का ट्रेलर जब कुछ दिन पहले रिलीज हुआ, तो सोशल मीडिया पर उसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। लेकिन ट्रेलर की ठंडी प्रतिक्रिया के बावजूद एडवांस बुकिंग का ये आंकड़ा यह दिखाता है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है।

2022 में रिलीज हुई ‘कांतारा’ ने मात्र ₹14 करोड़ के बजट में बनकर ₹400 से ₹500 करोड़ तक की कमाई कर इतिहास रच दिया था। यह फिल्म भारतभर में चर्चित हुई और बाद में इसे कई भाषाओं में डब कर रिलीज किया गया। जहां पहली फिल्म तटीय कर्नाटक की भूतकोला और पंजरूली दैव परंपरा पर आधारित थी, वहीं ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की कहानी पूर्व-औपनिवेशिक काल में ले जाती है और इस पौराणिक परंपरा की उत्पत्ति और रहस्य को उजागर करती है।

अब जब फिल्म की रिलीज में कुछ ही दिन बाकी हैं, देशभर के सिनेमा प्रेमी बेसब्री से इस पौराणिक गाथा की अगली कड़ी देखने के लिए तैयार हैं।