कपिल शर्मा ने फोटो शेयर कर दी यह ‘खास’ जानकारी; KKK-11 में निक्की बाहर, रोहित ने लगाई क्लास

हंसी के खजाने से भरपूर कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा शो' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस साल फरवरी में शो के अचानक बंद होने से फैंस का दिल टूट गया था। आपको बता दें कि सोनी टीवी पर शो जल्द ही ऑनएयर होने जा रहा है। कपिल ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर शो की शान बढ़ाने वाली टीम की 3 फोटो शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा - 'सभी पुराने चेहरों के साथ नई शुरुआत।'

हैशटैग में ब्लेसिंग्स, ग्रेटिट्यूड और कमिंग सून लिखा है। कपिल के साथ पुराने साथी भारती सिंह, कीकू शारदा, सुमोना चक्रवर्ती, चंदन प्रभाकर और कृष्णा अभिषेक शो में बने रहेंगे। खास बात ये है कि इस बार सुदेश लहरी भी दिखेंगे। कृष्णा और सुदेश की जोड़ी कई कॉमेडी शो में धमाल मचा चुकी है। शो को नए रूप में पेश करने की संभावना है। रिपोर्टों के अनुसार शो 21 अगस्त से शुरू होने जा रहा है।


अभिनव शुक्ला ने किया निक्की को सपोर्ट

रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी का 11वां सीजन शनिवार से कलर्स टीवी पर शुरू हो गया है। रविवार को शो का पहला एलिमिनेशन भी हो गया। बिग बॉस शो में सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वालीं निक्की तंबोली पहले ही हफ्ते बाहर हो गई हैं। निक्की ने कई बार टास्क को अबॉर्ट किया, जिससे होस्ट रोहित शेट्टी नाराज हो गए। उन्होंने निक्की से कहा कि उन्होंने शो को हां कहने से पहले देखा होगा कि यहां क्या होता है, तो उस हिसाब से तैयार होना था। अभी आगे जाकर और खतरनाक स्टंट होंगे तो क्या हाल होगा। अभिनव शुक्ला के निक्की को सपोर्ट करने पर भी रोहित को एतराज था।

अनुष्का और विशाल ने जीते अलग-अलग टास्क

शुरू में टास्क को अबॉर्ट करने के बाद पार्टनर टास्क के दौरान अनुष्का सेन और निक्की तंबोली की आंखों पर पट्टी बांधनी थी। उन्हें उनके ऊपर जिस भी जानवर को रखा जाएगा उन्हें पहचानना होगा कि वो क्या है। अनुष्का ने काफी अच्छे से टास्क पूरा किया, वहीं निक्की की हालत खराब हो गई और अबॉर्ट कर दिया। निक्की बुरी तरह रोने लग गईं। टास्क जीतने के बाद अनुष्का फियर फंदा से बच गई और निक्की एलिमिनेट हो गईं। निक्की और विशाल आदित्य सिंह एलिमिनेट हुए थे और दोनों के बीच एक स्टंट कॉम्पिटीशन था। विशाल और निक्की दोनों को पानी का फोबिया है, लेकिन विशाल ने इसे पूरा किया। निक्की ने टास्क अबॉर्ट कर दिया। इसके बाद निक्की को बाहर का रास्ता देखना पड़ गया।