
कुछ दिनों पहले दिग्गज एक्टर रजा मुराद एक वीडियो के वायरल होने के बाद विवादों में घिर गए थे, जिसमें वह शराब पीते और डांस करते हुए दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो रमजान के महीने में सामने आया, जिसके बाद कई लोगों ने उनकी आलोचना की। लोगों को लगा कि रजा मुराद रमजान के पाक महीने में शराब पी रहे हैं और डांस भी कर रहे हैं। हालांकि, आलोचनाओं के बीच रजा मुराद ने खुद सफाई दी है और वीडियो की सच्चाई बताई है।
रजा मुराद ने स्पष्ट किया कि जो शराब पीने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, वह किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है, न कि किसी निजी सेलिब्रेशन का। यह वीडियो एक्टर किरण कुमार ने दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, जिसमें वह भी डांस करते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो शेयर करते हुए किरण ने लिखा था, दोस्त जितने पुराने, यारी उतनी ही सॉलिड। कभी-कभी जब आप दोस्तों के साथ काम करते हैं, तो रील और रियल का अंतर हट जाता है।
रजा मुराद की सफाईकिरण कुमार द्वारा शेयर किए गए वीडियो के कमेंट बॉक्स में रजा मुराद ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने लिखा, प्लीज प्लीज प्लीज, ये मत समझिए कि ये कोई शराब की या बर्थडे पार्टी चल रही है। यह एक अंडर प्रोडक्शन फिल्म की शूटिंग की क्लिप है, जो कुछ दिन पहले दिल्ली के छतरपुर में शूट हुई थी, जहां फिल्म में मेरी बर्थडे पार्टी मनाई जा रही है। ये फिल्म का सीन है, आप लोग खामखा समझ रहे हैं कि ये शराब पार्टी है।
रजा मुराद ने यह भी कहा कि उनका बर्थडे 23 नवंबर को आता है और यह मार्च का महीना है, तो लोग बिना सोचे-समझे क्यों मान रहे हैं कि हम रमजान के महीने में शराब पी रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है। उन्होंने फिर से यह स्पष्ट किया कि यह सिर्फ फिल्म की शूटिंग का एक हिस्सा है और कुछ भी नहीं।
लोगों ने क्या कहा?वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने रजा मुराद की आलोचना की। एक यूजर ने लिखा, “माफी चाहता हूं, मगर इस पाक महीने में आपको यह सब नहीं करना चाहिए।” एक और यूजर ने कमेंट किया, “रजा मुराद ड्रिंक करते हैं… रमजान चल रहे हैं।” वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “सर जी, रमजान का महीना चल रहा है, शर्म आनी चाहिए आपको यह सब करते हुए। आप तो बहुत समझदार हैं।” हालांकि अब रजा मुराद ने खुद सामने आकर वीडियो की सच्चाई सबके सामने रख दी है।