2 News : रश्मिका ने फोटो शेयर कर लिखा, “...हम आज मौत से बच गए”, प्रियंका ने दिखाई बेटी की प्यारी झलक

एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘एनिमल’ पिछले साल जबरदस्त हिट रही। रश्मिका तब से ही खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। हाल ही में रश्मिका को एक परेशानी का सामना करना पड़ा। उनकी फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग हुई थी। इस घटना ने रश्मिका को हिलाकर रख दिया। रश्मिका ने फ्लाइट में बैठे हुए एक फोटो भी शेयर की है। रश्मिका ने ये तस्वीर अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर डाली है। उनकी ये तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

रश्मिका इस दौरान एक्ट्रेस श्रद्धा दास के साथ यात्रा कर रही थीं। रश्मिका ने लिखा, “सिर्फ आपकी जानकारी के लिए, इस तरह हम आज मौत से बच गए।” रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस फ्लाइट में रश्मिका बैठी थीं, वह मुंबई से हैदराबाद जा रही थी। तकनीकी समस्या के कारण यह 30 मिनट बाद फिर से मुंबई लौट आई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी को भी कोई चोट या किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। बता दें कि रश्मिका अपनी फिल्म की सक्सेस को खूब एंजॉय कर रही हैं।

इतना ही नहीं बल्कि इसके अलावा इन दिनों रश्मिका ‘पुष्पा 2’ की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में रश्मिका फिर से ‘श्रीवल्ली’ के रोल में नजर आने वाली हैं। बता दें कि बतौर लीड एक्टर फिल्म में साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन हैं और फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। इसके अलावा रश्मिका के पास पाइपलाइन में कई और भी फिल्में मौजूद है।

प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर शेयर की मनमोहक तस्वीर

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास ने जनवरी 2022 में बेटी मालती मैरी का स्वागत किया था। दोनों जब-तब अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पारिवारिक फोटो शेयर करते रहते हैं। आज रविवार (18 फरवरी) को प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के लिए एक आनंदमय पल शेयर किया। इसमें प्रियंका ने मालती की मनमोहक तस्वीर पेश की, जो काले और चांदी के रंग की गेंदों से भरे गड्ढे में बसी हुई थी।

मालती सफेद मोजे के साथ बुने हुए हरे रंग के को-ऑर्ड सेट में क्यूट लग रही थीं और अपने खेल के समय का आनंद लेते हुए उन्होंने प्यारी मुस्कान बिखेरी। कैप्शन में, प्रियंका ने लिखा, “क्या आप मुझसे मजाक कर रहे हैं?!” मालती की फोटो प्रियंका के करीबी दोस्तों जॉर्डन मैकग्रा और मॉर्गन स्टीवर्ट मैकग्रा के बच्चों रोवे और ग्रे के बर्थडे की लग रही हैं।

प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, “धन्यवाद रोवे और ग्रे। जन्मदिन की शुभकामनाएं। हमने सबसे ज्यादा मजा किया!” इससे पहले 14 फरवरी को प्रियंका ने अपने पति के लिए एक नोट लिखा, जिसमें एक रोमांटिक सेल्फी और उनकी शादी की पुरानी तस्वीर के साथ उनके बंधन को याद किया गया। पोस्ट में उनकी बेटी की तस्वीर भी थी।